पीएनबी का मुनाफा 14% उछला: 5,225 करोड़ रुपये पहुंचा, तीन रुपये डिविडेंड का ऐलान

नई दिल्ली |06 मई 2026
5,225 करोड़ रुपये पहुंचा, तीन रुपये डिविडेंड का ऐलान

पंजाब नेशनल बैंक ने वित्त वर्ष 2025-26 की चौथी तिमाही के नतीजे जारी कर दिए हैं। बैंक का प्रदर्शन मजबूत रहा है। नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 14% बढ़कर 5,225 करोड़ रुपये हो गया है। पिछले साल इसी तिमाही में यह 4,567 करोड़ रुपये था। वहीं पिछली तिमाही में बैंक का मुनाफा 5,100 करोड़ रुपये था। पूरे वित्त वर्ष 2025-26 की बात करें तो बैंक का कुल मुनाफा 16,904 करोड़ रुपये रहा है। यह पिछले वित्त वर्ष 2024-25 के 16,630 करोड़ रुपये के मुकाबले हल्की बढ़त दिखाता है। यह ग्रोथ भले ही सीमित हो, लेकिन बैंक ने स्थिर प्रदर्शन बनाए रखा है।

पीएनबी ने अपने निवेशकों को खुश करने के लिए 3 रुपये प्रति शेयर डिविडेंड की सिफारिश की है। यह 2 रुपये फेस वैल्यू वाले शेयर पर 150% का भुगतान है। हालांकि, इस पर अंतिम फैसला बैंक की आगामी एनुअल जनरल मीटिंग में शेयरधारकों की मंजूरी के बाद होगा। डिविडेंड का ऐलान यह संकेत देता है कि बैंक की वित्तीय स्थिति मजबूत बनी हुई है। इससे निवेशकों का भरोसा भी बढ़ता है।

ब्याज आय में गिरावट

जहां एक तरफ मुनाफे में बढ़त दिखी, वहीं दूसरी ओर बैंक की नेट इंटरेस्ट इनकम में गिरावट दर्ज की गई। सालाना आधार पर एनआईआई 4% घटकर 10,380 करोड़ रुपये रह गई। पिछले साल यह 10,757 करोड़ रुपये थी। एनआईआई वह आय होती है, जो बैंक को कर्ज पर मिलने वाले ब्याज और जमा पर दिए जाने वाले ब्याज के अंतर से मिलती है। इसमें गिरावट बैंक के मार्जिन पर दबाव का संकेत देती है।

प्रोविजनिंग में बदलाव

बैंक ने इस तिमाही में 424 करोड़ रुपये का प्रोविजन किया है। यह पिछली तिमाही के 1,150 करोड़ रुपये से काफी कम है। हालांकि, पिछले साल की समान तिमाही के 360 करोड़ रुपये से थोड़ा अधिक है। प्रोविजनिंग का मतलब होता है भविष्य के संभावित नुकसान के लिए रकम अलग रखना। इसमें कमी आना बैंक की बेहतर एसेट क्वालिटी की ओर इशारा करता है।

एसेट क्वालिटी में सुधार

पीएनबी की एसेट क्वालिटी में सुधार देखने को मिला है। ग्रॉस एनपीए घटकर 3.19% से 2.95% पर आ गया है। वहीं नेट एनपीए भी 0.32% से घटकर 0.29% हो गया है। यह संकेत देता है कि बैंक के खराब कर्ज में कमी आई है। यह बैंकिंग सेक्टर के लिए एक सकारात्मक संकेत माना जाता है। सीएएसए रेश्यो भी बेहतर हुआ है। यह पिछले साल के 71.28% से बढ़कर 73.7% हो गया है। सीएएसए बढ़ने का मतलब है कि बैंक को सस्ते फंड ज्यादा मिल रहे हैं।

बिजनेस ग्रोथ में मजबूती

बैंक का कुल ग्लोबल बिजनेस 11% बढ़कर 29.72 लाख करोड़ रुपये हो गया है। घरेलू बिजनेस में भी लगभग 10% की वृद्धि दर्ज की गई और यह 28.45 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गया। ग्लोबल डिपॉजिट में 9.25% की बढ़त हुई और यह 17.11 लाख करोड़ रुपये रहा। वहीं एडवांस में 13% की वृद्धि दर्ज की गई, जो 12.61 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गया। यह आंकड़े बताते हैं कि बैंक का विस्तार लगातार जारी है और लोन व डिपॉजिट दोनों में संतुलित ग्रोथ बनी हुई है।

शेयर बाजार में मिला मिला-जुला संकेत

नतीजों के बाद शेयर बाजार में पीएनबी के स्टॉक में हल्की गिरावट देखी गई। शेयर 0.63% गिरकर 108 रुपये पर बंद हुआ। हालांकि, पिछले छह महीनों में शेयर करीब 10% गिरा है, लेकिन एक साल के नजरिए से देखें तो इसमें 14% से ज्यादा की तेजी आई है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।