WhatsApp पर मिलेगी नई डिजिटल पहचान: बिना मोबाइल नंबर के सिर्फ यूजरनेम से होगी बात, शुरू हुई रिजर्वेशन प्रक्रिया

व्हाट्सएप जल्द अपने यूजर्स को बड़ी प्राइवेसी सुविधा देने जा रहा है। अब किसी नए व्यक्ति से बातचीत शुरू करने के लिए मोबाइल नंबर साझा करने की जरूरत नहीं होगी। यूजर्स केवल अपने यूनिक यूजरनेम के जरिए चैट कर सकेंगे। कंपनी ने 29 जून से वैश्विक स्तर पर यूजरनेम रिजर्वेशन प्रक्रिया शुरू कर दी है। वहीं, यह सुविधा चरणबद्ध तरीके से सभी देशों में उपलब्ध कराई जाएगी।
मेटा के स्वामित्व वाले व्हाट्सएप ने यूजरनेम फीचर लॉन्च करने की घोषणा की है। कंपनी के अनुसार, यह फीचर उन लोगों के लिए खास तौर पर उपयोगी होगा, जो नए लोगों से संपर्क करते समय अपना मोबाइल नंबर साझा नहीं करना चाहते। नेटवर्किंग इवेंट, स्कूल, स्पोर्ट्स ग्रुप या पेशेवर संपर्कों में अब केवल यूजरनेम के माध्यम से बातचीत शुरू की जा सकेगी। फीचर उपलब्ध होने पर यूजर्स को ऐप के भीतर नोटिफिकेशन मिलेगा।
यूजरनेम बनाने के लिए होंगे तय नियम
कंपनी के अनुसार, यूजरनेम 3 से 35 कैरेक्टर के बीच होगा। इसमें केवल छोटे अंग्रेजी अक्षर (a-z), अंक (0-9), डॉट (.) और अंडरस्कोर (_) का उपयोग किया जा सकेगा। प्रत्येक यूजरनेम पूरी तरह यूनिक होगा और जरूरत पड़ने पर उसे बदला या हटाया भी जा सकेगा। व्हाट्सएप के सीईओ कुणाल शाह ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जानकारी दी कि उन्होंने फीचर सार्वजनिक होने से पहले अपना यूजरनेम रिजर्व कर लिया है।
प्राइवेसी और सुरक्षा होगी पहले से मजबूत
व्हाट्सएप ने स्पष्ट किया है कि नए यूजर को केवल यूजरनेम दिखाई देगा, मोबाइल नंबर नहीं। हालांकि, जिन लोगों के पास पहले से नंबर सेव है, उनके लिए मौजूदा व्यवस्था में कोई बदलाव नहीं होगा। कंपनी किसी प्रकार की सार्वजनिक यूजरनेम डायरेक्टरी भी नहीं बनाएगी। इसके अलावा 'यूजरनेम की' नाम का वैकल्पिक सुरक्षा फीचर भी उपलब्ध कराया जाएगा। इसके जरिए पहली बार संपर्क करने वाले व्यक्ति को अतिरिक्त सुरक्षा सत्यापन करना होगा।
क्रिएटर्स और बिजनेस को भी मिलेगा फायदा
कंपनी का कहना है कि जहां संभव होगा, क्रिएटर्स, बिजनेस और संस्थाएं इंस्टाग्राम तथा फेसबुक वाला अपना यूजरनेम ही व्हाट्सएप पर भी इस्तेमाल कर सकेंगी। वहीं प्रसिद्ध हस्तियों और बड़े ब्रांड्स के कुछ यूजरनेम पहले से सुरक्षित रखे जाएंगे, ताकि फर्जी अकाउंट बनाकर उनकी पहचान का दुरुपयोग न किया जा सके। कंपनी ने स्पष्ट किया है कि मौजूदा चैट, ग्रुप, एंड-टू-एंड एन्क्रिप्शन, ब्लॉक और रिपोर्ट जैसी सभी सुविधाएं पहले की तरह ही जारी रहेंगी।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









