अमेरिका ने ईरान पर किया हवाई हमला: राष्ट्रपति ट्रम्प ने दी कड़ी चेतावनी, करीब 90 सैन्य ठिकानों पर कार्रवाई का दावा

अमेरिका ने ईरान के कई सैन्य और रणनीतिक ठिकानों पर एक और बड़े हवाई अभियान को अंजाम दिया। अमेरिकी सेंट्रल कमांड के अनुसार, इस कार्रवाई में बुशहर, चाबहार, बंदर अब्बास, सीरिक और कोनारक समेत कई शहरों में स्थित अहम सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया गया। अमेरिका का कहना है कि अभियान का उद्देश्य होर्मुज क्षेत्र में ईरान की सैन्य क्षमता को कमजोर करना था। हमलों के बाद राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने ईरान को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि यदि अमेरिका पर दोबारा हमला हुआ तो उसका जवाब "20 गुना अधिक ताकत" से दिया जाएगा। उन्होंने यह भी दावा किया कि ईरान समझौता करना चाहता है, लेकिन उसे तेहरान की प्रतिबद्धता पर भरोसा नहीं है।
CENTCOM ने एयरस्ट्राइक का वीडियो भी जारी किया है। अमेरिकी सेना के मुताबिक, इस अभियान में ईरान के लगभग 90 सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया गया। इनमें एयर डिफेंस सिस्टम, तटीय निगरानी केंद्र, मिसाइल और ड्रोन स्टोरेज साइट, नौसैनिक अड्डे तथा सैन्य लॉजिस्टिक्स से जुड़े बुनियादी ढांचे शामिल हैं। अमेरिकी अधिकारियों का कहना है कि इन ठिकानों को निशाना बनाकर ईरान की सैन्य क्षमता को सीमित करने की कोशिश की गई है।
ईरान ने तीन मौतों और कई घायलों का किया दावा
ईरान ने अमेरिकी हमलों में नागरिक हताहत होने का दावा किया है। रिपोर्ट के अनुसार, अहवाज शहर के बाहरी क्षेत्र में हुए हमले में तीन लोगों की मौत हुई है। वहीं, कई अन्य घायल हुए हैं। दूसरी ओर, ईरान की रिवोल्यूशनरी गार्ड ने आरोप लगाया कि अमेरिकी सेना ने मशहद जाने वाले रास्तों के पुलों को भी निशाना बनाया। संगठन का दावा है कि यह हमला खामेनेई के अंतिम संस्कार के दौरान माहौल प्रभावित करने और ध्यान भटकाने के उद्देश्य से किया गया। इससे पहले ईरानी सरकारी प्रसारक आईआरआईबी ने दावा किया था कि गोलिस्तान प्रांत के अक टेकेह खान रेलवे ब्रिज पर सात मिसाइलें दागी गई थीं। इनमें दो रेलवे ट्रैक पर गिरीं।
तेल बाजार में तेजी
अमेरिकी हमलों के बाद अंतरराष्ट्रीय तेल बाजार पर भी असर दिखाई दिया। गुरुवार को कारोबार के दौरान ब्रेंट क्रूड की कीमत 78 सेंट यानी करीब एक प्रतिशत बढ़कर 78.80 डॉलर प्रति बैरल पहुंच गई। वहीं डब्ल्यूटीआई क्रूड 74 सेंट यानी 1.01 प्रतिशत की बढ़त के साथ 74.26 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार करता दिखा। एक्सपर्ट्स के अनुसार, होर्मुज स्ट्रेट में तेल और गैस आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका के चलते वैश्विक बाजार में कीमतों में तेजी आई है।
बहरीन और कुवैत में भी बढ़ी सुरक्षा
ताजा घटनाक्रम के बाद पूरे खाड़ी क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। गुरुवार तड़के बहरीन में एयर रेड सायरन बजाए गए। इसके बाद गृह मंत्रालय ने लोगों से शांत रहने और सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की। उधर, कुवैत की सेना ने बताया कि उसके एयर डिफेंस सिस्टम ने मिसाइल और ड्रोन हमलों को रोकने के लिए कार्रवाई की। हालांकि बहरीन और कुवैत ने हमलों के स्रोत की पुष्टि नहीं की। इस बीच ईरानी सेना ने दावा किया कि अमेरिकी एयरस्ट्राइक के जवाब में उसने बहरीन और कुवैत में मौजूद अमेरिकी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया है।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









