अमेरिका-ईरान वार्ता पर असमंजस: होर्मुज को लेकर वैश्विक हलचल तेज, ट्रम्प बोले- आज हो सकता है समझौता

2 घंटे पहले
होर्मुज को लेकर वैश्विक हलचल तेज, ट्रम्प बोले- आज हो सकता है समझौता

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प द्वारा ईरान के साथ संभावित शांति समझौते को लेकर किए गए दावे के बाद इंटरनेशनल कूटनीतिक हलकों में हलचल तेज हो गई है। ट्रम्प ने कहा है कि अमेरिका और ईरान के बीच आज शांति समझौते पर हस्ताक्षर हो सकते हैं। इसके बाद होर्मुज जलडमरूमध्य को सभी इंटरनेशनल जहाजों के लिए पूरी तरह खोल दिया जाएगा। उन्होंने यह भी संकेत दिया कि क्षेत्र में स्थिरता बहाल होने के बाद ईरान के संवर्धित यूरेनियम भंडार को निष्क्रिय करने की प्रक्रिया शुरू की जा सकती है। हालांकि, ट्रम्प ने यह चेतावनी भी दी कि यदि वार्ता प्रक्रिया सफल नहीं होती है तो अमेरिका के पास अन्य विकल्प भी मौजूद हैं।

ट्रम्प के बयान के कुछ ही समय बाद ईरान के विदेश मंत्रालय ने अमेरिकी दावे को खारिज कर दिया। मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बघाई ने स्पष्ट किया कि अमेरिका और ईरान के बीच किसी शांति समझौते की तारीख अभी तय नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच बातचीत जारी है। लेकिन किसी अंतिम समझौते पर पहुंचने में अभी कुछ समय लग सकता है। बघाई ने यह भी बताया कि होर्मुज जलडमरूमध्य में समुद्री यातायात को व्यवस्थित और सुरक्षित बनाए रखने के लिए नए नियम लागू किए जा रहे हैं। भविष्य में इस मार्ग से गुजरने वाले जहाजों से सेवाओं के बदले शुल्क या कर वसूले जाने की संभावना भी जताई गई है।

ईरान ने दिखाई एकता, इजराइल ने जारी रखा सैन्य दबाव

इस बीच ईरान के राष्ट्रपति मसूद पजशकियान ने इजराइल के साथ पिछले वर्ष हुई 12 दिवसीय जंग की पहली वर्षगांठ पर देशवासियों को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय एकता और सैन्य क्षमता की सराहना की। उन्होंने कहा कि संघर्ष के दौरान जनता, सेना और नेतृत्व ने एकजुट होकर देश की सुरक्षा सुनिश्चित की तथा विरोधियों की रणनीति को विफल कर दिया। दूसरी ओर इजराइली सेना ने दक्षिणी लेबनान में कार्रवाई करते हुए हिजबुल्लाह के सात लड़ाकों को मार गिराने का दावा किया है। सेना के अनुसार अभियान के दौरान एक भूमिगत सुरंग नेटवर्क से हथियार और सैन्य सामग्री भी बरामद की गई है।

मध्य-पूर्व की स्थिरता पर टिकी दुनिया की निगाहें

एक्सपर्ट्स का मानना है कि यदि अमेरिका और ईरान के बीच किसी प्रकार का समझौता होता है तो इसका सीधा प्रभाव वैश्विक ऊर्जा बाजार, समुद्री व्यापार और क्षेत्रीय सुरक्षा पर पड़ेगा। होर्मुज जलडमरूमध्य दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण समुद्री व्यापार मार्गों में से एक माना जाता है। जहां से प्रतिदिन बड़ी मात्रा में तेल और गैस का परिवहन होता है। ऐसे में इस क्षेत्र में स्थिरता बहाल करने के प्रयासों को इंटरनेशनल समुदाय बेहद महत्वपूर्ण मान रहा है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।