वॉशिंगटन में डिनर पार्टी में फायरिंग से हड़कंप: राष्ट्रपति ट्रम्प समेत सभी सुरक्षित, हमलावर ने सात राउंड फायरिंग की

अमेरिका की राजधानी वॉशिंगटन डीसी में आयोजित एक हाई-प्रोफाइल डिनर कार्यक्रम के दौरान अचानक फायरिंग की घटना सामने आई, जिससे वहां मौजूद मेहमानों में अफरा-तफरी मच गई। यह घटना व्हाइट हाउस कॉरस्पॉन्डेंट्स डिनर के दौरान हुई, जहां अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प, फर्स्ट लेडी मेलिना ट्रम्पऔर उपराष्ट्रपति जेडी वेंस समेत कई बड़े अधिकारी मौजूद थे। राहत की बात यह रही कि सभी लोग सुरक्षित हैं और हमलावर को तुरंत गिरफ्तार कर लिया गया।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, फायरिंग होटल के बॉलरूम के बाहर हुई, जबकि अंदर कार्यक्रम चल रहा था। हमलावर ने कथित तौर पर सात राउंड फायरिंग की। गोलीबारी की आवाज सुनते ही सुरक्षाकर्मी तुरंत सक्रिय हो गए। सीक्रेट सर्विस एजेंट्स ने कुछ ही मिनटों में पूरे इलाके को घेर लिया और राष्ट्रपति को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। राष्ट्रपति ट्रम्प ने बाद में बयान देते हुए कहा कि यह “अमेरिका के संविधान पर हमला” है। उन्होंने सुरक्षा एजेंसियों की तेजी और बहादुरी की सराहना की। एक अधिकारी को गोली लगी, लेकिन वह बुलेटप्रूफ जैकेट की वजह से सुरक्षित रहा।
टेबल के नीचे छिपे गेस्ट
कार्यक्रम में मौजूद पत्रकारों और मेहमानों ने बताया कि पहले उन्हें तेज धमाके की आवाज सुनाई दी। कुछ सेकंड तक लोगों को लगा कि शायद कोई सामान गिरा है लेकिन जल्द ही स्थिति स्पष्ट हो गई। लोग तुरंत टेबल के नीचे छिप गए। वेटर्स और स्टाफ भी अपनी जान बचाने के लिए सुरक्षित जगहों की ओर भागे। एक पत्रकार ने बताया कि सुरक्षाकर्मी हथियारों के साथ तेजी से अंदर आए और पूरे हॉल को कंट्रोल में लिया। कई अधिकारी जमीन पर लेट गए थे। जब तक राष्ट्रपति को बाहर नहीं ले जाया गया, तब तक किसी को उठने की अनुमति नहीं थी।
प्रधानमंत्री मोदी की प्रतिक्रिया
भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस घटना पर चिंता जताई और राहत व्यक्त की कि सभी लोग सुरक्षित हैं। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में हिंसा के लिए कोई जगह नहीं है और इस तरह की घटनाओं की कड़ी निंदा होनी चाहिए।
क्या है व्हाइट हाउस कॉरस्पॉन्डेंट्स डिनर?
यह डिनर अमेरिका का एक प्रतिष्ठित सालाना कार्यक्रम है। जिसमें पत्रकार, राजनेता और कई बड़ी हस्तियां शामिल होती हैं। इसे व्हाइट हाउस कॉरस्पॉन्डेंट्स एसोसिएशन आयोजित करता है। इस इवेंट में आमतौर पर हल्के-फुल्के अंदाज में राजनीतिक बातचीत और हास्य का माहौल रहता है। राष्ट्रपति खुद पर और विपक्ष पर मजाक भी करते हैं।
पहले भी हो चुका है ट्रम्प पर हमला
यह पहली बार नहीं है जब डोनाल्ड ट्रम्प को निशाना बनाया गया हो। 13 जुलाई 2024 को पेंसिल्वेनिया में एक चुनावी रैली के दौरान उन पर हमला हुआ था। उस समय एक हमलावर ने दूर से गोली चलाई थी जो उनके कान को छूते हुए निकल गई थी। उस घटना में एक व्यक्ति की मौत भी हुई थी।
सुरक्षा व्यवस्था पर फिर उठे सवाल
इस ताजा घटना के बाद एक बार फिर अमेरिका की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। इतने हाई-सिक्योरिटी इवेंट में फायरिंग होना बड़ी चिंता का विषय माना जा रहा है। हालांकि, सुरक्षा एजेंसियों की त्वरित कार्रवाई ने एक बड़े हादसे को टाल दिया।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।










