पत्नी की हत्या के आरोप में भारतीय इंजीनियर गिरफ्तार: शादी के 5 महीने बाद मिला था शव, 9 महीने तक चली जांच

अमेरिका में एक भारतीय सॉफ्टवेयर इंजीनियर को अपनी पत्नी की हत्या के आरोप में अरेस्ट किया गया है। पुलिस का आरोप है कि उसने पत्नी का गला घोंटकर हत्या की और अगले दिन बॉडी की तस्वीर भारत में रहने वाली अपनी कथित गर्लफ्रेंड को भेज दी। करीब नौ महीने तक चली विस्तृत जांच के बाद आरोपी को हिरासत में लिया गया। अदालत ने उसकी जमानत 50 लाख डॉलर (करीब 48 करोड़ रुपये) तय की है। आरोप साबित होने पर उसे उम्रकैद की सजा हो सकती है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान तेलंगाना निवासी 30 वर्षीय अविनाश नार्ने के रूप में हुई है, जो अमेरिका में सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट इंजीनियर के तौर पर कार्यरत है। उसकी शादी पांच जून 2025 को 27 वर्षीय राजिता सब्बिनेनी से हुई थी। 27 अक्टूबर 2025 को अविनाश ने पुलिस को सूचना दी कि उसकी पत्नी बाथरूम के अंदर है और दरवाजा नहीं खोल रही। पुलिस ने दरवाजा तोड़कर देखा तो राजिता मृत मिली। अविनाश ने दावा किया कि वह करीब 40 मिनट के लिए घर से बाहर गया था और लौटने पर पत्नी को बाथरूम में पाया।
डिजिटल साक्ष्यों ने बदली जांच की दिशा
जांच के दौरान पुलिस ने अपार्टमेंट के स्मार्ट लॉक और सुरक्षा प्रणाली का रिकॉर्ड खंगाला। इसमें सामने आया कि जिस समय अविनाश घर से बाहर होने का दावा कर रहा था, उस दौरान फ्लैट में कोई अन्य व्यक्ति प्रवेश नहीं किया था। इसके बाद बाहरी व्यक्ति की संलिप्तता की आशंका खारिज कर दी गई। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में राजिता की मौत का कारण गला घोंटने से दम घुटना बताया गया। इसके बाद मामले को हत्या मानते हुए जांच आगे बढ़ाई गई।
शादी में भी शामिल हुई थी गर्लफ्रेंड
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि अविनाश का भारत में रहने वाली एक महिला से कई वर्षों से प्रेम संबंध था। इसी दौरान उसकी अरेंज मैरिज राजिता से हुई। पुलिस के अनुसार, आरोपी की गर्लफ्रेंड शादी में भी शामिल हुई थी और विवाह के बाद भी दोनों के बीच लगातार बातचीत होती रही। जांच में पता चला कि घटना वाले दिन अविनाश ने उससे कम से कम चार बार बात की थी। पूछताछ के दौरान उसने यह भी स्वीकार किया कि पत्नी की मौत के अगले दिन उसने राजिता के शव की तस्वीर उसे भेजी थी।
चैट और मेडिकल रिपोर्ट भी बनी जांच का आधार
जांच एजेंसियों को दंपती के बीच हुई चैट भी मिली है। इनमें राजिता ने कई बार पति द्वारा तैयार किए गए पेय का स्वाद कड़वा होने की शिकायत की थी। घटना वाले दिन उसने संदेश भेजकर कहा था कि स्मूदी का स्वाद दवा और कफ सिरप जैसा लग रहा है। पुलिस के पहुंचने पर अविनाश ने दावा किया था कि पत्नी की तबीयत खराब थी और संभव है कि कफ सिरप पीने के बाद वह बाथरूम में गिर गई हो। हालांकि, कई महीनों तक डिजिटल रिकॉर्ड, कॉल डिटेल और अन्य साक्ष्य जुटाने के बाद जुलाई 2026 में पुलिस ने अविनाश से दोबारा पूछताछ की और फर्स्ट डिग्री मर्डर के आरोप में गिरफ्तार कर लिया।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









