इंडोनेशिया में 6.8 तीव्रता का भूकंप: सुलावेसी में महसूस हुए तेज झटके, दहशत में घरों से बाहर निकले लोग

इंडोनेशिया में मंगलवार सुबह आए 6.8 तीव्रता के शक्तिशाली भूकंप ने लोगों में दहशत फैला दी। झटके महसूस होते ही हजारों लोग अपने घरों और इमारतों से बाहर निकल आए। हालांकि शुरुआती रिपोर्टों में किसी बड़े जानमाल के नुकसान की सूचना नहीं मिली है। लेकिन प्रशासन संभावित प्रभावों का आकलन करने में जुटा हुआ है।
नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी (एनसीएस) के अनुसार भूकंप सुबह 8 बजकर 57 मिनट पर दर्ज किया गया। इसका केंद्र इंडोनेशिया के सुलावेसी क्षेत्र के निकट 45 किलोमीटर की गहराई में स्थित था। भूकंप की तीव्रता 6.8 मापी गई। जिसके कारण आसपास के कई इलाकों में तेज कंपन महसूस किए गए।
तटीय इलाकों में अलर्ट, आफ्टरशॉक की आशंका
रिपोर्टों के अनुसार पालू, सिगी, डोंगगाला और टोजो उना-उना क्षेत्रों में लोगों ने तेज झटके महसूस किए। भूकंप के बाद संभावित आफ्टरशॉक और सुनामी की आशंका को देखते हुए कई लोगों ने तटीय क्षेत्रों को अस्थायी रूप से खाली कर दिया। प्रशासन ने भी लोगों से सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।
प्रभावित क्षेत्रों में भेजी गई राहत टीम
अधिकारियों ने बताया कि राहत एवं आपदा प्रबंधन दल प्रभावित क्षेत्रों में भेजे गए हैं। भवनों, सड़कों और अन्य बुनियादी ढांचों की जांच की जा रही है। ताकि किसी संभावित नुकसान का सही आकलन किया जा सके। फिलहाल किसी बड़े नुकसान या हताहत की पुष्टि नहीं हुई है। उल्लेखनीय है कि जून माह में दक्षिण-पूर्व एशिया में यह दूसरा बड़ा भूकंप है। इससे पहले फिलीपींस में भी शक्तिशाली भूकंप दर्ज किया गया था। एक्सपर्ट्स का कहना है कि यह क्षेत्र भूकंपीय दृष्टि से अत्यंत संवेदनशील है। इसलिए ऐसे झटकों के दौरान विशेष सतर्कता बरतना आवश्यक है।











