अमेरिकी टैंकर पर ईरान ने की फायरिंग: बिना रडार गुजर रहा था जहाज, ट्रम्प बोले- प्रेशर में आ गया है ईरान

1 घंटा पहले
बिना रडार गुजर रहा था जहाज, ट्रम्प बोले- प्रेशर में आ गया है ईरान

मिडिल ईस्ट में जारी भू-राजनीतिक तनाव अब खतरनाक मोड़ पर पहुंचता दिखाई दे रहा है। बुधवार रात होर्मुज स्ट्रेट में ईरानी नौसेना द्वारा एक अमेरिकी टैंकर पर फायरिंग किए जाने के बाद क्षेत्र में सैन्य गतिविधियां तेज हो गई हैं। ईरान ने दावा किया कि अमेरिकी जहाज बिना सक्रिय रडार के संवेदनशील समुद्री क्षेत्र से गुजर रहा था। जिसके चलते चेतावनी स्वरूप कार्रवाई की गई। दूसरी ओर, अमेरिकी सेना ने जवाबी कदम उठाते हुए बंदर अब्बास पोर्ट के समीप एक खाली इलाके में फायरिंग की है। हालांकि दोनों पक्षों ने किसी बड़े नुकसान या हताहत की पुष्टि नहीं की है, लेकिन घटनाक्रम ने पूरी दुनिया की चिंता बढ़ा दी है।

इसी बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने व्हाइट हाउस में कैबिनेट बैठक के दौरान ईरान को लेकर सख्त बयान दिया है। ट्रम्प ने कहा कि तेहरान यह सोच रहा था कि अमेरिका बातचीत से पीछे हट जाएगा, लेकिन अब उसके पास समझौते के अलावा कोई विकल्प नहीं बचा है। ट्रम्प ने कहा कि ईरान ने अमेरिकी राजनीतिक परिस्थितियों का गलत आकलन किया और अब वह दबाव में आ चुका है। ट्रम्प के इस बयान को अमेरिका की नई आक्रामक रणनीति के संकेत के रूप में देखा जा रहा है।

शांति समझौते के दावों पर बढ़ा विवाद

ईरानी मीडिया ने दावा किया है कि अमेरिका और ईरान के बीच युद्ध समाप्ति को लेकर प्रारंभिक समझौता ड्राफ्ट तैयार किया गया है। कथित प्रस्ताव में होर्मुज स्ट्रेट में शिपिंग सामान्य करने और अमेरिकी सैन्य मौजूदगी कम करने जैसे बिंदु शामिल बताए गए हैं। हालांकि व्हाइट हाउस ने इन दावों को पूरी तरह फर्जी और मनगढ़ंत करार दिया है। अमेरिकी प्रशासन ने स्पष्ट किया कि दोनों देशों के बीच किसी भी प्रकार का औपचारिक शांति मसौदा अस्तित्व में नहीं है। इससे यह संकेत मिल रहा है कि कूटनीतिक स्तर पर भ्रम और अविश्वास लगातार गहराता जा रहा है।

इजराइल-लेबनान मोर्चे पर भी हालात गंभीर

मिडिल ईस्ट में तनाव केवल अमेरिका और ईरान तक सीमित नहीं है। दक्षिणी लेबनान में इजराइल ने एयर स्ट्राइक की है। जिनमें कम से कम 31 लोगों की मौत और 40 से अधिक घायल होने की खबर है। टायर शहर में एक इमारत और कैफे को निशाना बनाए जाने के बाद इलाके में आग लग गई है। बड़े स्तर पर अफरा-तफरी मच गई है। वहीं उत्तरी इजराइल में ऑपरेशन के दौरान 20 वर्षीय महिला सैनिक की मौत हो गई है। जबकि दो अन्य सैनिक घायल हुए हैं। इजराइल ने गाजा में हमास सैन्य शाखा के नए कमांडर मोहम्मद ओदेह को मार गिराने का दावा भी किया है।

तेल बाजार और एशियाई शेयर बाजारों पर असर

क्षेत्रीय संघर्ष का असर अब वैश्विक अर्थव्यवस्था पर भी दिखाई देने लगा है। एशियाई शेयर बाजारों में गिरावट दर्ज की गई है। दक्षिण कोरिया, हॉन्ग कॉन्ग और ऑस्ट्रेलिया के प्रमुख इंडेक्स कमजोर खुले। दूसरी ओर कच्चे तेल की कीमतों में तेज उछाल आया है। ब्रेंट क्रूड 95 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गया, जबकि अमेरिकी क्रूड ऑयल फ्यूचर्स 91 डॉलर से ऊपर कारोबार करता दिखा। एक्सपर्ट्स का मानना है कि यदि होर्मुज स्ट्रेट में तनाव और बढ़ा तो वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति गंभीर रूप से प्रभावित हो सकती है।

कुवैत ने एयर डिफेंस सिस्टम किए एक्टिव

उधर कुवैत ने संभावित मिसाइल और ड्रोन हमलों के खतरे को देखते हुए देशभर में एयर डिफेंस सिस्टम एक्टिव कर दिए हैं। कई इलाकों में अलार्म सायरन बजाए गए हैं। अमेरिकी सेना ने भी होर्मुज स्ट्रेट के पास ईरान के चार ड्रोन मार गिराने और एक ग्राउंड कंट्रोल स्टेशन को निशाना बनाने की पुष्टि की है। लगातार बढ़ती सैन्य गतिविधियों ने पूरे मिडिल ईस्ट को अस्थिरता के नए दौर में धकेल दिया है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।