जापान में 7.1 तीव्रता का भूकंप: 13 लोगों की मौत, मलबे में लापता लोगों की तलाश जारी

दक्षिण-पश्चिम जापान में आए 7.1 तीव्रता के शक्तिशाली भूकंप ने व्यापक तबाही मचाई है। हादसे में अब तक 13 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। वहीं, कई लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं। प्रभावित इलाकों में रातभर राहत और बचाव अभियान जारी रहा। भूकंप के बाद तटीय क्षेत्रों के लिए सुनामी का अलर्ट जारी किया गया था, जिसे बाद में वापस ले लिया गया। प्रशासन प्रभावित क्षेत्रों में नुकसान का आकलन करने के साथ राहत कार्य तेज करने में जुटा है।
प्रधानमंत्री सनाए तकाइची ने बुधवार सुबह जानकारी दी कि दक्षिण-पश्चिमी जापान के कई हिस्सों में आए इस भीषण भूकंप के बाद बचाव दल लगातार राहत कार्य में जुटे रहे। अभियान के दौरान कई घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। वहीं, लापता लोगों की तलाश अभी भी जारी है। सरकार ने स्थानीय प्रशासन और आपदा प्रबंधन एजेंसियों को राहत कार्य में पूरी क्षमता के साथ जुटे रहने के निर्देश दिए हैं।
इमारतें और पुल क्षतिग्रस्त
दक्षिणी मुख्य द्वीप क्यूशू के कुमामोटो क्षेत्र में आए भूकंप से कई इमारतें ढह गईं और अनेक लोग मलबे में दब गए। भूकंप के केंद्र के आसपास बड़े पैमाने पर संरचनात्मक नुकसान दर्ज किया गया। रिपोर्ट के अनुसार, यात्सुशिरो शहर में एक पुल का पैदल मार्ग ढह गया। वहीं, क्यूशू एक्सप्रेसवे पर बने हाईवे ओवरपास को भी गंभीर क्षति पहुंची है। कई स्थानों पर सड़क संपर्क प्रभावित होने से राहत दलों को पहुंचने में कठिनाई का सामना करना पड़ा।
लोगों से की सतर्क रहने की अपील
प्रधानमंत्री सनाए तकाइची ने प्रभावित क्षेत्रों के लोगों से सतर्क रहने की अपील करते हुए कहा कि समान तीव्रता के एक और भूकंप की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने नागरिकों से प्रशासन के निर्देशों का पालन करने और अनावश्यक रूप से क्षतिग्रस्त इलाकों में जाने से बचने को कहा। सरकार ने राहत कार्यों में तेजी लाने के साथ हालात पर लगातार नजर बनाए रखने की बात कही है।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









