शादी की खुशियां मातम में बदलीं: हेलिकॉप्टर हादसे में भारतवंशी पायलट की डेथ, छह घंटे तक मलबे में फंसी रही दुल्हन

15 घंटे पहले
हेलिकॉप्टर हादसे में भारतवंशी पायलट की डेथ, छह घंटे तक मलबे में फंसी रही दुल्हन

शादी के कुछ ही घंटों बाद एक दर्दनाक हेलिकॉप्टर दुर्घटना ने नवविवाहित जोड़े की जिंदगी बदल दी। अमेरिका के जॉर्जिया राज्य में भारतीय मूल के पायलट डेव फिजी की हेलिकॉप्टर क्रैश में मौत हो गई। वहीं उनकी पत्नी जेस्नी गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे के बाद जेस्नी करीब छह घंटे तक हेलिकॉप्टर के मलबे में फंसी रहीं। यह घटना न केवल दोनों परिवारों बल्कि पूरे भारतीय समुदाय के लिए गहरे सदमे का कारण बन गई है।

29 मई को डॉसनविल स्थित एक भव्य वेडिंग वेन्यू में डेव फिजी और जेस्नी का विवाह समारोह आयोजित हुआ था। जिसमें लगभग 400 मेहमान शामिल हुए थे। शादी संपन्न होने के बाद नवविवाहित दंपति हेलिकॉप्टर से अटलांटा के लिए रवाना हुए। हालांकि उड़ान भरने के कुछ समय बाद ही हेलिकॉप्टर घने जंगलों वाले क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही राहत एवं बचाव दल सक्रिय हुए। दुर्गम भूभाग और घने जंगलों के कारण दुर्घटनास्थल तक पहुंचने में काफी समय लग गया।

मौसम को लेकर पहले से थी चिंता

मृतक पायलट के पिता जॉर्ज फिजी ने बताया कि विवाह समारोह के दौरान क्षेत्र में लगातार बारिश और घना कोहरा था। दृश्यता बेहद कम होने के कारण डेव ने स्वयं मौसम को लेकर चिंता जताई थी। परिवार के अनुसार, उन्होंने उड़ान को लेकर सावधानी बरतने की बात कही थी। हेलिकॉप्टर चालक ने सुरक्षित उड़ान का भरोसा दिलाया। जिसके बाद यात्रा शुरू की गई। शुरुआती आशंकाओं में खराब मौसम को हादसे की संभावित वजह माना जा रहा है। हालांकि आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।

बचपन का सपना पूरा कर बना था पायलट

परिजनों के मुताबिक डेव फिजी बचपन से ही विमान उड़ाने का सपना देखते थे। उन्होंने कठिन मेहनत और समर्पण के बल पर पायलट बनने का लक्ष्य हासिल किया और बाद में प्रतिष्ठित एयरलाइन में फर्स्ट ऑफिसर के रूप में कार्यरत हुए। परिवार और मित्र उन्हें अनुशासित, जिम्मेदार और अपने पेशे के प्रति समर्पित व्यक्ति के रूप में याद कर रहे हैं।

दर्दनाक था मंजर

हादसे के बाद जेस्नी करीब छह घंटे तक हेलिकॉप्टर के मलबे में फंसी रहीं। बचाव दल के पहुंचने पर उन्हें गंभीर अवस्था में बाहर निकाला गया। परिवार के अनुसार, होश आने पर उन्होंने खुद को दुर्घटनाग्रस्त हेलिकॉप्टर के बीच पाया। पेशे से नर्स जेस्नी ने तुरंत समझ लिया कि उनके पति की जान नहीं बच सकी है। हादसे में उन्हें कई चोटें आई हैं। हालांकि उनकी स्थिति अब स्थिर बताई जा रही है।

जांच में जुटी एजेंसियां

अमेरिका की जांच एजेंसी एनटीएसबी दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। प्रारंभिक रिपोर्ट अगले कुछ सप्ताह में आने की उम्मीद है। डेव और जेस्नी के परिवार मूल रूप से भारतीय राज्य केरलम से जुड़े हैं। इस हादसे ने शादी की खुशियों को कुछ ही घंटों में गहरे मातम में बदल दिया। परिवार अब इस अपूरणीय क्षति से उबरने की कोशिश कर रहा है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।