अमेरिका में युवक ने आठ बच्चों का किया मर्डर: पत्नी को भी मारी गोली, मुठभेड़ में आरोपी की मौत

अमेरिका के श्रेवपोर्ट शहर में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। एक शख्स ने अपने ही बच्चों पर गोलियां बरसा दीं। इस हमले में आठ बच्चों की मौत हो गई। इनमें से सात बच्चे आरोपी के अपने थे। एक बच्चा उसका रिश्तेदार बताया जा रहा है। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने इसे इस साल की सबसे बड़ी मास शूटिंग घटनाओं में से एक बताया है।
यह घटना लुइसियाना राज्य के श्रेवपोर्ट में रविवार सुबह हुई। समय करीब छह बजे का था। आरोपी की पहचान शमार एल्किंस (31) के रूप में हुई है। उसने अपने घर में ही बच्चों को निशाना बनाया। सात बच्चों को घर के अंदर गोली मारी गई। एक बच्चा जान बचाने के लिए छत पर भागा लेकिन वहां भी उसे गोली मार दी गई।
हमले में असॉल्ट स्टाइल हथियार का इस्तेमाल हुआ। पुलिस के मुताबिक यह मामला घरेलू विवाद से जुड़ा हो सकता है। घटना के समय आसपास के लोग भी दहशत में आ गए।
पत्नी को भी मारी गोली, हालत नाजुक
आरोपी ने सबसे पहले अपनी पत्नी पर हमला किया। उसे गोली मारी गई। उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। इसके बाद आरोपी दूसरे घर में गया। वहां उसने बच्चों और एक महिला को निशाना बनाया। दूसरी महिला, जो एक बच्चे की मां थी, वह भी गंभीर रूप से घायल है। एक 13 साल का बच्चा भी इस हमले में घायल हुआ। वह जान बचाने के लिए छत से कूद गया। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टर उसकी हालत पर नजर बनाए हुए हैं।
मारे गए बच्चों की उम्र तीन से 11 साल
पुलिस के मुताबिक मारे गए बच्चों में तीन लड़के और पांच लड़कियां थीं। उनकी उम्र तीन से 11 साल के बीच थी। मृतकों में जयला (तीन), शायला (पांच), कायला (छह), लैला (सात), मरकेडॉन (10), सारियाह (11), खेडारियन (छह) और ब्रेलॉन (पांच) शामिल हैं। इनमें से सात बच्चे सगे भाई-बहन थे। एक बच्चा उनका कजिन था। इस घटना ने पूरे समुदाय को झकझोर दिया है। इलाके में मातम पसरा हुआ है।
भागने की कोशिश में आरोपी ढेर
वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। उसने कार लूटकर भागने की कोशिश की। पुलिस ने उसका पीछा किया। मुठभेड़ के दौरान आरोपी को गोली लगी। बाद में उसकी मौत हो गई। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक आरोपी पहले भी गिरफ्तार हो चुका था। 2019 में उस पर हथियार से जुड़ा केस दर्ज हुआ था। वह करीब सात साल तक आर्मी नेशनल गार्ड में भी रह चुका था।
प्रशासन और नेताओं ने जताया दुख
शहर के मेयर टॉम आर्सेनो ने इस घटना को बेहद दुखद बताया। उन्होंने कहा कि यह शहर की सबसे बड़ी त्रासदियों में से एक है। वहीं राज्य के गवर्नर जेफ लैंड्री ने भी शोक जताया। उन्होंने पीड़ित परिवारों के लिए प्रार्थना की।
अमेरिका में गन कल्चर पर फिर उठे सवाल
इस घटना के बाद अमेरिका में गन कल्चर पर फिर बहस शुरू हो गई है। देश में हथियार रखना कानूनी अधिकार है। दूसरा संशोधन नागरिकों को हथियार रखने की अनुमति देता है। यह कानून 1791 में लागू हुआ था। आज भी अमेरिका में बंदूक खरीदना आसान माना जाता है। कई लोग इसे फल-सब्जी खरीदने जैसा बताते हैं। इसी वजह से ऐसे हमले बार-बार सामने आते हैं।
पहले भी हो चुकी हैं बड़ी घटनाएं
इस साल और पिछले साल भी कई शूटिंग की घटनाएं हुई हैं। फरवरी में रोड आइलैंड में गोलीबारी में तीन लोगों की मौत हुई थी। जनवरी 2026 में मिनियापोलिस में एक महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। नवंबर 2025 में व्हाइट हाउस के पास भी फायरिंग हुई थी।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।










