रूस ने यूक्रेन पर दागी ओरेश्निक मिसाइल: कीव में भारी तबाही, जेलेंस्की बोले- “पागलपन की हद पार कर चुका है रूस”

रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध एक बार फिर खतरनाक मोड़ पर पहुंच गया है। रूस ने यूक्रेन की राजधानी कीव और उसके आसपास के इलाकों पर बड़े पैमाने पर मिसाइल और ड्रोन हमले किए। इन हमलों में कम से कम चार लोगों की मौत हो गई है। कई दर्जन लोग घायल बताए जा रहे हैं। रूसी रक्षा मंत्रालय ने दावा किया है कि इस हमले में पहली बार फिर से ओरेश्निक हाइपरसोनिक मिसाइल का इस्तेमाल किया गया है। जो परमाणु हथियार ले जाने में सक्षम मानी जाती है। इस घटनाक्रम ने यूरोप समेत पूरी दुनिया की चिंता बढ़ा दी है।
रूस के हमले के बाद कीव स्थित एक हथियार निर्माण संयंत्र में भीषण आग लग गई। आसमान में दूर तक धुएं का गुबार दिखाई देता रहा। यूक्रेनी प्रशासन के अनुसार हमलों में पानी आपूर्ति व्यवस्था, बाजार, रिहायशी इलाकों और स्कूलों को भी नुकसान पहुंचा है। यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की ने रूस पर नागरिक इलाकों को जानबूझकर निशाना बनाने का आरोप लगाया है। कहा कि “रूस अब पूरी तरह पागलपन की स्थिति में पहुंच चुका है।” उन्होंने बताया कि ओरेश्निक मिसाइल बिला त्सेरक्वा शहर के पास गिरी।
ओरेश्निक मिसाइल ने बढ़ाई वैश्विक चिंता
रूस द्वारा इस्तेमाल की गई ओरेश्निक मिसाइल को अमेरिका मध्यम दूरी की बैलिस्टिक मिसाइल मानता है। यह पारंपरिक और परमाणु दोनों तरह के वारहेड ले जाने में सक्षम है। इसकी रफ्तार इतनी तेज मानी जाती है कि मौजूदा एयर डिफेंस सिस्टम के लिए इसे रोकना बेहद कठिन है। यूक्रेन के विदेश मंत्री आंद्री सिबिहा ने दावा किया कि इस बार मिसाइल में डमी वारहेड लगाया गया था, लेकिन इसके बावजूद यह हमला राजनीतिक और सामरिक संदेश देने वाला कदम माना जा रहा है।
अब तक तीन बार ओरेश्निक मिसाइल का किया है प्रयोग
रूस ने अब तक केवल तीन बार ओरेश्निक मिसाइल का इस्तेमाल किया है। पहली बार नवंबर 2024 में द्नीप्रो स्थित एयरोस्पेस प्लांट पर और दूसरी बार जनवरी 2026 में ल्वीव क्षेत्र पर हमला किया गया था। ताजा हमले के बाद यूरोपीय देशों ने भी तीखी प्रतिक्रिया दी है। यूरोपीय संघ की विदेश नीति प्रमुख काजा कैलस ने इसे “खतरनाक परमाणु शक्ति प्रदर्शन” बताया। वहीं फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों और जर्मनी के चांसलर फ्रीडरिष मर्ज ने रूस की कार्रवाई को गैरजिम्मेदाराना और उकसावे वाला कदम करार दिया।
ड्रोन और मिसाइलों से रातभर दहला यूक्रेन
यूक्रेनी वायुसेना के मुताबिक रूस ने रातभर में लगभग 600 ड्रोन और 90 मिसाइलें दागीं। यूक्रेन ने दावा किया कि उसके एयर डिफेंस सिस्टम ने 604 हथियारों को मार गिराया, लेकिन कई बैलिस्टिक मिसाइलों को रोकना संभव नहीं हो सका। सबसे ज्यादा नुकसान राजधानी कीव में हुआ, जहां कई इमारतें क्षतिग्रस्त हो गईं। जेलेंस्की ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से रूस पर और कड़ा दबाव बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि “अब वक्त आ गया है कि दुनिया मॉस्को को स्पष्ट संदेश दे कि युद्ध और विनाश की राजनीति स्वीकार नहीं की जाएगी।”
पुतिन ने यूक्रेन पर लगाया आरोप
दूसरी ओर रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने यूक्रेन पर “आतंकी हमला” करने का आरोप लगाया है। रूस का दावा है कि यूक्रेनी ड्रोन हमले में लुहान्स्क क्षेत्र के एक कॉलेज हॉस्टल में 18 बच्चों की मौत हुई है। हालांकि यूक्रेनी सेना ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि वह केवल सैन्य ठिकानों को ही निशाना बनाती है। रूस और यूक्रेन के बीच बढ़ती सैन्य कार्रवाई ने अब वैश्विक सुरक्षा और परमाणु खतरे को लेकर नई बहस छेड़ दी है।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









