मिस्र में दर्दनाक सड़क हादसा: बस पलटने से 21 लोगों की मौत, दो दर्जन से अधिक यात्री घायल

मिस्र के दक्षिण सिनाई इलाके से एक बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है। यहां के दहाब-नुवैबा रोड पर बुधवार को एक भीषण बस हादसे में 21 लोगों की मौत हो गई, जबकि 29 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। देश के स्वास्थ्य मंत्रालय ने इस हादसे की आधिकारिक पुष्टि की है। यह दुर्घटना लाल सागर तट के पास वाले इलाके में हुई, जो पर्यटकों के बीच काफी लोकप्रिय और व्यस्त माना जाता है। बस किस वजह से दुर्घटनाग्रस्त हुई, इसकी जांच की जा रही है, लेकिन हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
स्थानीय मीडिया ने प्रत्यक्षदर्शियों के हवाले से बताया कि ड्राइवर बहुत तेज रफ्तार से बस चला रहा था, जिससे उसने बस पर से नियंत्रण खो दिया। इसके बाद बस अचानक पलट गई। हालांकि, पुलिस ने इस मामले में आधिकारिक तौर पर कुछ नहीं कहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। इसके बाद ही हादसे को लेकर स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।
घायलों को अस्पताल भेजने में लगीं 20 एम्बुलेंस
घटना की सूचना मिलते ही राहत-बचाव की कई टीमें मौके पर पहुंची और घायलों को बस से बाहर निकालकर नजदीकी अस्पताल में भर्ती करवाया। जानकारी के मुताबिक, हादसे में घायल हुए 29 यात्रियों को 20 एंबुलेंस की मदद से अस्पताल तक पहुंचाया गया।
मिस्र की सड़क सुरक्षा नियमों पर खड़े सवाल
मिस्र में इस तरह का भीषण सड़क हादसे का यह पहला मामला नहीं है। इससे एक महीने पहले मिस्र के इस्माइलिया गवर्नरेट में इसी तरह का एक भीषण सड़क हादसा हुआ था। इस हादसे में 16 लोगों की मौत हो गई थी, जबकि 32 अन्य लोग बुरी तरह से घायल हो गए थे। लगातार हो रहे इन हादसों ने मिस्र में सड़क सुरक्षा से जुड़े नियमों को लेकर कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
मेडिकल टीमें हालात पर रख रहीं है नजर
मिस्र स्वास्थ्य मंत्री खालिद अब्देल गफ्फार ने चिकित्सा सुविधा को अपनी तैयारी मजबूत करने और घायलों को जरूरी चिकित्सा देखभाल, दवाइयां और अन्य जरूरी सामान उपलब्ध कराने का आदेश दिया। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि मेडिकल टीमें लगातार हालात पर नजर रख रही हैं।











