कोलकाता से गोरखपुर आ रही इंडिगो फ्लाइट में मिली बम की सूचना: साढ़े चार घंटे की देरी से पहुंची, बाहर इंतजार करते रहे परिजन

कोलकाता में फ्लाइट के अंदर बम होने की सूचना के बाद इंडिगो की कोलकाता-गोरखपुर फ्लाइट चार घंटे 26 मिनट की देरी से गोरखपुर पहुंची। इसके बाद गोरखपुर से बेंगलुरु के लिए भी विमान ने करीब चार घंटे 30 मिनट की देरी से उड़ान भरी। इससे यात्रियों को एयरपोर्ट पर लंबे समय तक इंतजार करना पड़ा। वहीं, कोलकाता से आ रहे यात्रियों के परिजन एयरपोर्ट के बाहर घंटों इंतजार करते रहे।
रिपोर्ट के अनुसार, शाम को उड़ान भरने से ठीक पहले विमान के वॉशरूम में टॉयलेट पेपर रोल के अंदर एक धमकी भरी चिट्ठी मिली थी, जिस पर "विमान के अंदर बम है" लिखा हुआ था। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विमान में सवार सभी 185 यात्रियों को तुरंत सुरक्षित बाहर निकाला गया और विमान को एयरपोर्ट के आइसोलेशन बे में ले जाया गया। सीआईएसएफ, बम निरोधक दस्ते और खोजी कुत्तों की मदद से पूरे विमान और यात्रियों के सामान की चार घंटे से अधिक समय तक सघन तलाशी ली गई। जांच में कोई भी संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक नहीं मिला।
बेंगलुरू जाने वाले यात्री भी रहे परेशान
बताया जा रहा है कि इंडिगो की फ्लाइट का कोलकाता से शाम 5:20 बजे गोरखपुर पहुंचने का निर्धारित समय था। बम की सूचना के बाद विमान को कोलकाता में ही रोककर जांच की गई। जांच पूरी होने के बाद फ्लाइट ने देरी से उड़ान भरी और रात 9:46 बजे गोरखपुर पहुंची। यहां बेंगलुरु जाने वाले यात्रियों को विमान में बैठाने के बाद रात 10:30 बजे उड़ान भरी गई।
पुलिस कर रही आरोपी की तलाश
यात्रियों का कहना था कि वे निर्धारित समय पर एयरपोर्ट पहुंचकर जांच की प्रक्रिया पूरी कर अंदर बैठे थे। विमान के समय पर नहीं आने से उन्हें काफी देर तक इंतजार करना पड़ा। सुरक्षा एजेंसियां और पुलिस इस बात की जांच कर रही हैं कि यह धमकी भरी चिट्ठी वॉशरूम में किसने और किस मकसद से रखी थी। अफवाह फैलाने वाले आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।











