पाकिस्तान में पुलिस स्टेशन के बाहर भीषण ब्लास्ट: हमले में 14 की मौत; 22 घायल, सुरक्षा एजेंसियों ने शुरू किया सर्च ऑपरेशन

इस्लामाबाद|1 घंटा पहले
हमले में 14 की मौत; 22 घायल, सुरक्षा एजेंसियों ने शुरू किया सर्च ऑपरेशन

पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के स्वात जिले में पुलिस स्टेशन के बाहर हुए आत्मघाती हमले में आठ पुलिसकर्मियों समेत 14 लोगों की मौत हो गई। वहीं, 22 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पुलिस और सुरक्षा बलों ने क्षेत्र को घेरकर सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है। फिलहाल किसी भी संगठन ने हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है।

रिपोर्ट के अनुसार, घटना के समय काबल चौक पर आतंकवाद के खिलाफ शांति रैली आयोजित की जा रही थी। इसी दौरान एक युवक काबल पुलिस स्टेशन के मुख्य प्रवेश द्वार पर पहुंचा। स्वात के जिला पुलिस अधिकारी उमर खान के मुताबिक, ड्यूटी पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने युवक को रोककर उसकी तलाशी लेने का प्रयास किया। इससे पहले कि पुलिस कोई कार्रवाई कर पाती, युवक ने खुद को विस्फोट से उड़ा लिया। धमाका इतना तेज था कि आसपास मौजूद लोगों में भगदड़ मच गई और बड़ी संख्या में लोग इसकी चपेट में आ गए।

आतंकवाद के विरोध में निकाली जा रही थी रैली

विस्फोट से पहले काबल चौक पर स्थानीय नागरिक आतंकवाद के खिलाफ शांति मार्च निकाल रहे थे। प्रदर्शनकारियों ने स्वात क्षेत्र में बढ़ रही आतंकी घटनाओं पर चिंता जताते हुए कहा कि उनके आंदोलन का उद्देश्य इलाके में शांति बहाल करना और आतंकवाद का पूरी तरह खात्मा करना है। उन्होंने यह भी कहा कि नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि प्रशासन शांतिपूर्ण नागरिकों के खिलाफ कार्रवाई करता है, जबकि पहाड़ी क्षेत्रों में आतंकवादी खुलेआम सक्रिय हैं। उनका कहना था कि यदि सुरक्षा व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो लोगों का आक्रोश और बढ़ सकता है।

राष्ट्रपति और मुख्यमंत्री ने मांगी रिपोर्ट

घटना के बाद पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी ने मृतकों के प्रति शोक व्यक्त करते हुए पूरे मामले की विस्तृत जांच के निर्देश दिए हैं। वहीं, खैबर पख्तूनख्वा के मुख्यमंत्री सोहेल अफरीदी ने हमले की कड़ी निंदा करते हुए पुलिस महानिरीक्षक से विस्तृत रिपोर्ट तलब की है। उन्होंने कहा कि शांति के दुश्मनों को उनके मंसूबों में कभी सफल नहीं होने दिया जाएगा। प्रांत के गवर्नर फैसल करीम कुंडी ने भी घटना पर दुख जताते हुए कहा कि आतंकवादी कायराना हमलों से देश का मनोबल नहीं तोड़ सकते।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।