ईरान पर लगातार नौवीं रात अमेरिका ने की एयरस्ट्राइक: तबरीज मिसाइल परिसर में लगी आग, तेल की कीमतें उछलीं

16 घंटे पहले
तबरीज मिसाइल परिसर में लगी आग, तेल की कीमतें उछलीं

अमेरिका और ईरान के बीच जारी सैन्य तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है। अमेरिकी सेना ने सोमवार को लगातार नौवीं रात ईरान के कई सैन्य ठिकानों पर हवाई हमले किए। अमेरिकी सेंट्रल कमांड के अनुसार, कार्रवाई में सैन्य कमांड सेंटर, एयर डिफेंस सिस्टम, मिसाइल और ड्रोन लॉन्च साइट्स को निशाना बनाया गया। हमलों के बाद उत्तर-पश्चिमी ईरान स्थित तबरीज मिसाइल फील्ड में आग लगने की सूचना है, जहां इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स की एयरोस्पेस इकाई संचालन करती है।

CENTCOM ने बताया कि उत्तरी इराक में बिना फटे ईरानी ड्रोन को निष्क्रिय करने के दौरान एक अमेरिकी सैनिक की मौत हो गई। वहीं, दूसरा घायल हो गया। घायल सैनिक का इलाज जारी है। इसके साथ ही मौजूदा संघर्ष में मारे गए अमेरिकी सैनिकों की संख्या बढ़कर 17 हो गई है।

ईरान की कड़ी चेतावनी और जवाबी दावे

ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बघाई ने कहा कि अमेरिका के साथ हुए अंतरिम समझौते की सभी शर्तें स्पष्ट हैं और उसे तोड़ने का कोई औचित्य नहीं है। उन्होंने दोहराया कि होर्मुज जलडमरूमध्य के भविष्य के प्रबंधन की जिम्मेदारी ईरान की है। वहीं तेहरान ने चेतावनी दी कि यदि अमेरिका ने खार्ग आइलैंड पर कब्जे की कोशिश की तो उसे गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। इस बीच IRGC ने दावा किया कि उसने जॉर्डन के अल-अजराक एयरबेस पर हमला कर अमेरिकी सेना के 20 हैंगर नष्ट कर दिए और कई सैनिकों को नुकसान पहुंचाया। साथ ही अमेरिकी C-17 ट्रांसपोर्ट और P-8 निगरानी विमान को भी निशाना बनाने का दावा किया गया है।

भूकंप के झटकों के बीच तेल की कीमतों में उछाल

सोमवार सुबह ईरान के केरमानशाह प्रांत में पांच मिनट के भीतर 5.2 और 5.7 तीव्रता के दो भूकंप आए, जिनमें तीन लोग घायल हुए। राहत और सर्वेक्षण कार्य जारी है। दूसरी ओर, अमेरिका-ईरान तनाव का असर वैश्विक बाजार पर भी दिखा। ब्रेंट क्रूड की कीमत 2.7 प्रतिशत बढ़कर 90.49 डॉलर प्रति बैरल पहुंच गई। वहीं, कारोबार के दौरान यह 91.41 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंची।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।