व्हाइट हाउस के बाहर ताबड़तोड़ फायरिंग: सुरक्षाबलों ने हमलावर को किया ढेर, राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प पूरी तरह सेफ

अमेरिका की राजधानी वॉशिंगटन एक बार फिर सुरक्षा संकट की चपेट में आ गई, जब शनिवार देर रात व्हाइट हाउस के पास अचानक ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू हो गई। घटना के समय अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प व्हाइट हाउस परिसर के अंदर मौजूद थे। गोलीबारी की इस सनसनीखेज वारदात ने अमेरिकी सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। शुरुआती जानकारी के मुताबिक संदिग्ध हमलावर ने व्हाइट हाउस के पास बने सिक्योरिटी चेकपॉइंट को निशाना बनाते हुए करीब 30 राउंड फायरिंग की। मौके पर तैनात अमेरिकी सीक्रेट सर्विस एजेंट्स ने तत्काल जवाबी कार्रवाई की, जिसमें हमलावर गंभीर रूप से घायल हो गया। बाद में अस्पताल में उसकी मौत हो गई। इस पूरे घटनाक्रम के दौरान इलाके में भारी अफरा-तफरी मच गई और करीब 40 मिनट तक लॉकडाउन जैसी स्थिति बनी रही।
मृतक की पहचान 21 वर्षीय नासिर बेस्ट के रूप में हुई है, जो अमेरिका के मैरीलैंड राज्य का निवासी बताया जा रहा है। रिपोर्ट्स के अनुसार नासिर मानसिक रूप से अस्थिर था। वह पहले भी कई बार व्हाइट हाउस के आसपास संदिग्ध गतिविधियों में देखा जा चुका था। अदालत की ओर से उसे व्हाइट हाउस के प्रतिबंधित इलाके से दूर रहने का आदेश भी दिया गया था, लेकिन उसने इस आदेश की अनदेखी की। बताया जा रहा है कि बीते वर्ष जून में उसने सड़क पर ट्रैफिक रोककर हंगामा किया था, जिसके बाद उसे मानसिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया था। कुछ सप्ताह बाद वह फिर व्हाइट हाउस परिसर के करीब घुसपैठ की कोशिश करते हुए पकड़ा गया था। गिरफ्तारी के दौरान उसने खुद को “आधुनिक दौर का जीजस” बताया था और कहा था कि वह जानबूझकर गिरफ्तार होना चाहता है।
एक नागरिक भी घायल
फायरिंग की इस घटना में एक आम नागरिक भी गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हुआ है। हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि उसे हमलावर की गोली लगी या सुरक्षाबलों की जवाबी कार्रवाई के दौरान वह चपेट में आया। घटना के तुरंत बाद व्हाइट हाउस परिसर को सील कर दिया गया और वहां मौजूद पत्रकारों, कर्मचारियों तथा अधिकारियों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया। एफबीआई, सीक्रेट सर्विस और स्थानीय पुलिस एजेंसियों ने संयुक्त जांच शुरू कर दी है। पूरे इलाके में भारी सुरक्षा बल तैनात कर दिया गया है।
ट्रम्प परिवार को पहले भी मिल चुकी है धमकी
इस घटना ने इसलिए भी चिंता बढ़ा दी है क्योंकि कुछ दिन पहले ही राष्ट्रपति ट्रम्प की बेटी इवांका ट्रम्प को हत्या की धमकी मिलने का मामला सामने आया था। इस सिलसिले में एक इराकी युवक को अरेस्ट किया गया था, जिसके संबंध ईरानी सैन्य नेटवर्क से बताए गए थे। जांच एजेंसियों को आरोपी के पास इवांका ट्रम्प और उनके पति जैरेड कुशनर के फ्लोरिडा स्थित आवास का ब्लूप्रिंट भी मिला था। अमेरिकी सुरक्षा एजेंसियां अब इन दोनों घटनाओं के बीच संभावित संबंधों की भी जांच कर रही हैं।
पहले भी हो चुके हैं सुरक्षा चूक के मामले
व्हाइट हाउस के आसपास सुरक्षा में सेंध की यह कोई पहली घटना नहीं है। इससे पहले अप्रैल में वॉशिंगटन में आयोजित व्हाइट हाउस कॉरस्पॉन्डेंट डिनर के दौरान भी फायरिंग हुई थी, जहां राष्ट्रपति ट्रम्प समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे। उस घटना के बाद भी अमेरिकी सुरक्षा एजेंसियों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठे थे। ताजा हमले के बाद राजधानी वॉशिंगटन में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है और व्हाइट हाउस के आसपास सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सख्त कर दिया गया है।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









