बच्चों को जंक फूड खिलाना पड़ेगा भारी: दिमाग और शरीर पर पड़ेगा 'सीरियस इफेक्ट', एक्सपर्ट्स ने दी बड़ी चेतावनी

बदलती जीवनशैली और फास्ट फूड संस्कृति के दौर में बच्चों की खान-पान संबंधी आदतें हेल्थ एक्सपर्ट्स के लिए चिंता का विषय बनती जा रही हैं। जन्मदिन पार्टियों से लेकर स्कूल टिफिन और शाम के नाश्ते तक जंक फूड बच्चों की पहली पसंद बनती जा रही हैं। एक्सपर्ट्स का कहना है कि यह आदत भविष्य में गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं का कारण बन सकती है। हालिया अध्ययनों में संकेत मिले हैं कि अत्यधिक जंक फूड का सेवन केवल मोटापे तक सीमित नहीं है, बल्कि यह बच्चों के मस्तिष्क के विकास और खाने की आदतों को भी लंबे समय के लिए प्रभावित कर सकता है।
हेल्थ एक्सपर्ट्स का मानना है कि बचपन वह अवस्था होती है जब शरीर और मस्तिष्क तेजी से विकसित हो रहे होते हैं। ऐसे समय में बच्चों को संतुलित और पोषणयुक्त आहार की बजाय अल्ट्रा-प्रोसेस्ड तथा हाई कैलोरी फूड्स अधिक दिया जा रहा है। जिससे उनके शरीर को आवश्यक विटामिन, मिनरल्स और अन्य पोषक तत्व पर्याप्त मात्रा में नहीं मिल पाते। इससे न केवल शारीरिक विकास प्रभावित होता है। मानसिक विकास पर भी नकारात्मक असर पड़ सकता है। एक्सपर्ट्स के अनुसार स्वस्थ खान-पान की आदतें बचपन से विकसित करना भविष्य की कई बीमारियों से बचाव का प्रभावी तरीका है।
दिमाग के भूख नियंत्रण तंत्र पर पड़ सकता है असर
हालिया रिसर्च में पाया गया है कि अत्यधिक वसा और चीनी से भरपूर खाद्य पदार्थ मस्तिष्क के उन हिस्सों को प्रभावित कर सकते हैं। जो भूख और ऊर्जा संतुलन को नियंत्रित करते हैं। एक्सपर्ट्स के अनुसार लगातार जंक फूड खाने से बच्चों की भोजन संबंधी आदतों में स्थायी बदलाव आ सकते हैं। इसके परिणामस्वरूप व्यक्ति को बार-बार वही खाद्य पदार्थ खाने की इच्छा होती है। जिससे अस्वास्थ्यकर खान-पान का चक्र लगातार जारी रहता है। शोधकर्ताओं का कहना है कि इन प्रभावों का असर लंबे समय तक बना रह सकता है। भले ही बाद में व्यक्ति अपने आहार में सुधार क्यों न कर ले।
मोटापा, डायबिटीज और हृदय रोग का बढ़ता खतरा
एक्सपर्ट्स के अनुसार जंक फूड में अत्यधिक कैलोरी, ट्रांस फैट और अतिरिक्त शर्करा होती है। जबकि फाइबर, प्रोटीन और आवश्यक पोषक तत्वों की मात्रा बेहद कम होती है। यही कारण है कि ऐसे खाद्य पदार्थ मोटापा बढ़ाने के साथ-साथ शरीर में सूजन की समस्या को भी बढ़ा सकते हैं। लंबे समय तक इनका सेवन करने से टाइप-2 डायबिटीज, उच्च रक्तचाप, हृदय रोग और कुछ प्रकार के कैंसर का जोखिम बढ़ सकता है। बच्चों में बढ़ते मोटापे के मामलों के पीछे भी अल्ट्रा-प्रोसेस्ड फूड्स को प्रमुख कारण माना जा रहा है।
पढ़ाई, इम्यूनिटी और पाचन पर भी पड़ता है प्रभाव
एक्सपर्ट बताते हैं कि जंक फूड में ओमेगा-3 फैटी एसिड, आयरन, जिंक और विटामिन-बी जैसे महत्वपूर्ण पोषक तत्वों की कमी होती है। इसके कारण बच्चों में एकाग्रता की कमी, पढ़ाई में कमजोर प्रदर्शन, जल्दी थकान और याददाश्त से जुड़ी समस्याएं बढ़ सकती हैं। इसके अलावा इम्यून सिस्टम कमजोर होने से बार-बार बीमार पड़ने का खतरा भी बढ़ जाता है। फाइबर की कमी के कारण कब्ज, गैस और पाचन संबंधी समस्याएं भी आम हो सकती हैं। हेल्थ एक्सपर्ट्स का कहना है कि बच्चों के आहार में फल, हरी सब्जियां, साबुत अनाज, दही और अन्य पौष्टिक खाद्य पदार्थों को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। संतुलित और पोषणयुक्त भोजन ही बच्चों के स्वस्थ शारीरिक और मानसिक विकास की मजबूत नींव तैयार कर सकता है।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









