मुंह से खून आना हो सकता है पायरिया: फ्लॉस न करने से जीभ पर जम जाता है बैक्टीरिया, इंफेक्शन का बढ़ सकता है खतरा

हम में से ज्यादातर लोग सेहतमंद रहने के लिए खानपान और एक्सरसाइज पर तो पूरा ध्यान देते हैं, लेकिन ओरल हेल्थ यानी मुंह की साफ-सफाई को नजरअंदाज कर देते हैं। डॉक्टरों के मुताबिक, मुंह की सेहत का सीधा संबंध हमारे पूरे शरीर के स्वास्थ्य से होता है। दांतों और मसूड़ों में पनपने वाले बैक्टीरिया दिल की बीमारियों, डायबिटीज और पेट की समस्याओं का कारण बन सकते हैं।
ओरल हेल्थ को अक्सर लोग सिर्फ दांतों की साफ-सफाई समझते हैं, जबकि इसका मतलब पूरे मुंह यानी दांतों, मसूड़ों और जीभ की साफ-सफाई से है। खान-पान में गड़बड़ी, मीठी चीजों का ज्यादा सेवन और मुंह की ठीक से सफाई न करना धीरे-धीरे कई समस्याओं की वजह बन सकता है। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक किसी भी उम्र में दांतों और मसूड़ों से जुड़ी परेशानी हो सकती है। अगर आप भी ओरल हेल्थ को लेकर लापरवाही बरत रहे हैं, तो सावधान हो जाइए। यहां कुछ ऐसे मुख्य संकेत दिए जा रहे हैं, जिन्हें देखते ही आपको तुरंत सतर्क हो जाना चाहिए और डेंटिस्ट से संपर्क करना चाहिए।
ओरल हेल्थ के संकेतों को न करें नजरअंदाज
ब्रश करते समय या कुछ चबाते समय मसूड़ों से खून आना पायरिया या जिंजिवाइटिस का शुरुआती लक्षण हो सकता है। रोजाना ब्रश करने के बाद भी अगर मुंह से दुर्गंध नहीं जा रही है, तो यह दांतों में सड़न या मसूड़ों के संक्रमण का इशारा है। ठंडा, गर्म या मीठा खाने पर दांतों में तेज झनझनाहट होना इनेमल के घिसने या कैविटी होने का संकेत है। वयस्कों में दांतों का अचानक ढीला होना या उनके बीच दूरी बढ़ना मसूड़ों की गंभीर बीमारी लक्षण है। अगर मुंह या जीभ पर छाले दो हफ्ते से ज्यादा समय तक ठीक न हों, तो इसे हल्के में न लें। यह किसी गंभीर संक्रमण का संकेत हो सकता है। जिसके लिए डेंटिस्ट की सलाह जरूर लें।
ओरल हेल्थ को दुरुस्त रखने के जरूरी नियम
सुबह उठने के बाद और रात को सोने से पहले फ्लोराइड युक्त टूथपेस्ट से कम से कम दो मिनट तक ब्रश जरूर करें। टूथब्रश दांतों के बीच फसे बारीक खाने को नहीं निकाल पाता, इसलिए दिन में एक बार फ्लॉस (धागे से सफाई) जरूर करें। जीभ पर बैक्टीरिया की परत जम जाती है, जिससे बदबू आती है। रोजाना टंग क्लीनर का इस्तेमाल करें। दांतों में कोई दिक्कत न भी हो, तब भी साल में दो बार डेंटिस्ट से रूटीन चेकअप और क्लीनिंग जरूर करवाएं। मुंह की छोटी सी समस्या आगे चलकर बड़ा रूप ले सकती है। इसलिए इन संकेतों को पहचानें और समय रहते अपने डेंटिस्ट से सलाह लें।










