17वें दिन भी जारी सोनम वांगचुक का अनशन: बिगड़ती सेहत पर बढ़ी चिंता, सरकार से बातचीत की मांग

नई दिल्ली|4 घंटे पहले
बिगड़ती सेहत पर बढ़ी चिंता, सरकार से बातचीत की मांग

शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक का जंतर-मंतर पर आमरण अनशन मंगलवार को 17वें दिन भी जारी रहा। लगातार उपवास के कारण उनकी सेहत पर असर पड़ रहा है और अब तक उनका वजन करीब 8.5 किलोग्राम कम हो चुका है। इस बीच विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और फिल्मी हस्तियों ने वांगचुक से अनशन समाप्त करने की अपील की है। वहीं, आंदोलन का समर्थन कर रही कॉकरोच जनता पार्टी ने सरकार पर उदासीन रवैया अपनाने का आरोप लगाया है।

जानकारी के अनुसार, सोनम वांगचुक ने 28 जून से आमरण अनशन शुरू किया था। अनशन की शुरुआत में उनका वजन 67 किलोग्राम था, जो अब लगभग 8.5 किलोग्राम घट चुका है। आंदोलन से जुड़े लोगों का कहना है कि लगातार उपवास के कारण उनकी शारीरिक स्थिति कमजोर हो रही है। CJP का आरोप है कि सरकार अब तक उनकी मांगों पर गंभीरता से बातचीत के लिए आगे नहीं आई है।

कई नेताओं और हस्तियों ने की अनशन समाप्त करने की अपील

वांगचुक की बिगड़ती सेहत को देखते हुए समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव, शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे, तृणमूल कांग्रेस सांसद महुआ मोइत्रा, अभिनेता नसीरुद्दीन शाह, अभिनेत्री रत्ना पाठक शाह, लेखिका अरुंधति रॉय सहित कई सार्वजनिक हस्तियों ने उनसे अनशन समाप्त करने का आग्रह किया है। दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भी घोषणा की कि वह 16 जुलाई की शाम जंतर-मंतर पहुंचकर वांगचुक और आंदोलनकारियों से मुलाकात करेंगे तथा अपना समर्थन देंगे।

CJP ने सरकार पर लगाया उपेक्षा का आरोप

कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने कहा कि सोनम वांगचुक की सेहत लगातार गिर रही है। उनकी मांसपेशियां भी कमजोर होने लगी हैं। उन्होंने बताया कि उन्होंने भी वांगचुक से अनशन खत्म करने का अनुरोध किया। लेकिन वांगचुक का कहना था कि उनसे अनशन समाप्त करने की बजाय सरकार से बातचीत शुरू करने के लिए कहा जाए। दीपके ने आरोप लगाया कि सरकार उनकी मांगों पर कोई सकारात्मक पहल नहीं कर रही है।

विभिन्न पक्षों ने रखी अपनी प्रतिक्रिया

महुआ मोइत्रा ने कहा कि वांगचुक का आंदोलन युवाओं को एकजुट करने का माध्यम बना है और उनका जीवन अधिक महत्वपूर्ण है। उद्धव ठाकरे ने भी आंदोलन के प्रति समर्थन जताते हुए अनशन समाप्त करने की अपील की। अभिनेता ओमी वैद्य ने वांगचुक को प्रेरणादायी व्यक्तित्व बताते हुए उनके स्वस्थ रहने की कामना की। वहीं, अभिनेत्री जीनत अमान ने केंद्र सरकार से बातचीत शुरू करने की अपील करते हुए कहा कि समाज को अपने महत्वपूर्ण विचारकों की उपेक्षा नहीं करनी चाहिए।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।