बस्ती में हाईटेंशन लाइन की चपेट में आया युवक: सटरिंग का काम करते समय लगा करंट, इलाज के दौरान तोड़ा दम

पैकोलिया थाना क्षेत्र में हाईटेंशन विद्युत लाइन की चपेट में आने से गंभीर रूप से झुलसे युवक की गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान मौत हो गई। सेमरा गांव निवासी राजकुमार ने सोमवार सुबह करीब 3:30 बजे इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। हादसा 11 अगस्त को बैरिहवा तिराहे पर हुआ था। युवक की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में शोक छा गया। पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव पैतृक गांव लाया जाएगा।
राजकुमार पुत्र गोवर्धन 11 अगस्त को सुबह करीब 11:30 बजे बैरिहवा तिराहे पर महातम पुत्र शंकर के निर्माणाधीन मकान में सटरिंग का काम कर रहा था। इसी दौरान मकान के बगल से गुजर रही हाईटेंशन विद्युत लाइन की चपेट में आ गया। करंट लगने से वह गंभीर रूप से झुलस गया। हादसे के बाद मौके पर जुटे स्थानीय लोगों ने एंबुलेंस को सूचना दी और घायल को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हर्रैया पहुंचाया।
गंभीर हालत में गोरखपुर किया गया था रेफर
हर्रैया सीएचसी में चिकित्सकों ने राजकुमार की हालत गंभीर देखते हुए उसे जिला अस्पताल बस्ती रेफर कर दिया। यहां से बेहतर इलाज के लिए उसे गोरखपुर मेडिकल कॉलेज भेजा गया था। परिजनों के अनुसार, कई दिनों से उसका इलाज चल रहा था। सोमवार सुबह उसकी मौत हो गई। पोस्टमॉर्टम के बाद शव को सेमरा स्थित पैतृक गांव ले जाया जाएगा।










