बस्ती में सीडीओ ने किया अमहट घाट का निरीक्षण: कांवड़ यात्रा से पहले जांची नदी की गहराई, घाटों पर 24 घंटे कड़े सुरक्षा के दिए निर्देश

श्रावण मेले और कांवड़ यात्रा को लेकर जिला प्रशासन ने अमहट घाट पर सुरक्षा और सुविधाओं की तैयारियों का जायजा लिया। अधिकारियों की टीम ने कुआनो नदी के किनारे स्थित ऐतिहासिक अमहट घाट का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, स्वच्छता, जल प्रबंधन और मूलभूत सुविधाओं की स्थिति देखी गई। अधिकारियों ने सभी व्यवस्थाएं समय से पूरा करने के निर्देश दिए।
सीडीओ सार्थक अग्रवाल, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व ज्ञान चंद्र गुप्ता, मुख्य राजस्व अधिकारी कीर्ति प्रकाश भारती, अपर पुलिस अधीक्षक श्याम कांत, एसडीएम शत्रुघ्न पाठक और नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी अंगद गुप्ता समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी निरीक्षण में शामिल रहे। अधिकारियों ने पीएसी की मोटरबोट से नदी में जाकर जलस्तर, धारा की गति और पानी की गहराई का आकलन किया। श्रद्धालुओं को गहरे पानी में जाने से रोकने के लिए मजबूत बैरिकेडिंग और खतरे के निशान वाले चेतावनी बोर्ड लगाने के निर्देश दिए गए।
घाट और रास्तों पर बढ़ाई जाएगी रोशनी
कांवड़ियों और श्रद्धालुओं को रात में परेशानी न हो, इसके लिए घाट, पहुंच मार्ग, पार्किंग और स्नान स्थलों पर हाईमास्ट और एलईडी फ्लड लाइट लगाने को कहा गया है। बिजली आपूर्ति बाधित होने की स्थिति में बैकअप जनरेटर की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी। घाट और कांवड़ मार्ग पर विशेष सफाई अभियान चलाने, पर्याप्त कूड़ेदान रखने, सैनिटाइजेशन और कीटनाशक का छिड़काव कराने के निर्देश दिए गए।
मेडिकल बूथ और एंबुलेंस रहेगी तैनात
कांवड़ियों के लिए पेयजल टैंकर, वाटर बूथ और हैंडपंप की व्यवस्था करने के साथ 24 घंटे मेडिकल बूथ और एंबुलेंस तैनात करने को कहा गया है। महिला श्रद्धालुओं के लिए पर्याप्त मोबाइल और अस्थायी शौचालय भी बनाए जाएंगे। यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए रूट डायवर्जन लागू किया जाएगा और भीड़ नियंत्रण के लिए अतिरिक्त पुलिस बल लगाया जाएगा। घाट पर पीएसी, जल पुलिस और स्थानीय गोताखोरों की 24 घंटे मौजूदगी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।










