बस्ती में बाइक से गिरी महिला: इलाज के दौरान तोड़ा दम, मोटरसाइकिल से जा रही थी रुधौली

बस्ती-बांसी मार्ग पर कोहरा पुलिया के पास बाइक से गिरकर महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद उसे तत्काल रुधौली सीएचसी ले जाया गया। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। हादसे की परिस्थितियों की जांच की जा रही है।
मृतका की पहचान हटवा गांव निवासी पुष्पा देवी पत्नी दीपू चौहान के रूप में हुई है। वह कोहरा निवासी अमित पुत्र रामअवतार की मोटरसाइकिल पर बैठकर रुधौली जा रही थीं। बस्ती-बांसी मार्ग पर कोहरा पुलिया के पास अचानक पुष्पा देवी बाइक से नीचे गिर गईं। सड़क पर गिरने से उन्हें गंभीर चोटें आईं। बाइक चला रहे अमित ने तत्काल घायल महिला को रुधौली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उनका उपचार शुरू किया।
इलाज के दौरान तोड़ा दम
सीएचसी में इलाज के दौरान गंभीर चोटों के कारण पुष्पा देवी की मौत हो गई। हादसे की जानकारी मिलते ही उनके परिजन और गांव के लोग अस्पताल पहुंच गए। महिला की मौत की खबर से परिवार में मातम छा गया। घटना की सूचना पर रुधौली थाना प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उपनिरीक्षक शिवकुमार यादव समेत पुलिस बल ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और हादसे से जुड़ी जानकारी जुटाई।
पुलिस ने पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा शव
पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और महिला बाइक से कैसे गिरीं?, इसकी जांच की जा रही है।










