सिद्धार्थनगर में दिव्यांग नाबालिग का आरोप: दो युवकों ने इलाज-नौकरी का झांसा देकर किया रेप, दिल्ली से ले गए जयपुर

सिद्धार्थनगर|
दो युवकों ने इलाज-नौकरी का झांसा देकर किया रेप, दिल्ली से ले गए जयपुर

जिले की 17 वर्षीय दिव्यांग लड़की ने दो युवकों पर आंखों का ऑपरेशन कराने और नौकरी दिलाने का भरोसा देकर दिल्ली से जयपुर ले जाने और रेप करने का आरोप लगाया है। लड़की के मुताबिक, उसे आंखों से करीब 70 प्रतिशत दिखाई नहीं देता। वह पिछले एक महीने से सिद्धार्थनगर मुख्यालय के सनई चौराहे पर कंप्यूटर क्लास करने जा रही थी। इसी दौरान फिरंगी रेस्टोरेंट के पास दो युवक उसके पास पहुंचे। उन्होंने उसका नाम लेकर आंखों की परेशानी के बारे में जानकारी दी। दोनों ने खुद को दिव्यांग लड़कियों की मदद करने वाला बताया और इलाज के साथ नौकरी दिलाने का भरोसा दिया। लड़की ने यह बात परिवार को बताई। पिता पहले से उसकी आंखों को लेकर चिंतित थे, इसलिए उन्होंने युवकों की बात पर भरोसा किया।

पीड़िता के अनुसार, 17 सितंबर को दोनों युवकों ने उसे पांच हजार रुपये, कपड़े, सैंडल और मोबाइल दिया। अगले दिन 18 सितंबर को पिता उसे सनई चौराहे पर दिल्ली जाने वाली बस के पास छोड़ने पहुंचे। युवकों के वहां नहीं दिखने पर लड़की ने पिता से कहा कि वे चले जाएं, अंकल बाद में आएंगे। पिता के जाने के बाद दोनों युवक पहुंचे। उन्होंने बस कंडक्टर से बात कर लड़की का दिल्ली का टिकट कराया और किराया दिया। बांसी पहुंचने पर चार अन्य लड़कियां बस में सवार हुईं। लड़की का कहना है कि वह उन्हें पहले से नहीं जानती थी। इनमें दो दिव्यांग थीं। 19 सितंबर सुबह करीब चार बजे बस दिल्ली पहुंची, जहां दोनों युवक फिर मिले और पांचों लड़कियों को जयपुर जाने वाली बस में बैठा दिया।

पानी पीने के बाद बेहोशी का दावा

जयपुर पहुंचने के बाद लड़कियों को कुछ समय तक अलग-अलग जगह ले जाया गया। बाद में एक व्यक्ति ने इंटरव्यू के लिए चलने को कहा। पीड़िता ने रविवार को इंटरव्यू होने पर सवाल किया तो उसे बताया गया कि रेस्टोरेंट में इंटरव्यू होगा। वहां पांचों से उनके काम और कौशल के बारे में पूछा गया। पीड़िता ने टाइपिंग और कंप्यूटर की बेसिक जानकारी होने की बात बताई। इसके बाद उसे पानी पीने के लिए दिया गया। उसका आरोप है कि पानी पीने के बाद वह बेहोश हो गई। पीड़िता ने बताया कि बेहोशी की हालत में उसके साथ गलत काम किया गया। होश आने पर उसने खुद को एक व्यक्ति के पास पाया, जो कथित तौर पर उसे छूने की कोशिश कर रहा था। वह वहां से भाग निकली।

चार लड़कियों को इंजेक्शन लगाए जाते देखा

पीड़िता का दावा है कि बाहर निकलते समय उसने चारों लड़कियों को इंजेक्शन लगाए जाते देखा। इसके बाद वह वहां से भागकर एक व्यक्ति के पास पहुंची और पूरी बात बताई। उसने जगह को गलत एरिया बताते हुए उसे वहां से निकलने को कहा। पीड़िता दिल्ली वापस पहुंची, जहां एक महिला की मदद से वह पुलिस के पास गई। उसका आरोप है कि तत्काल जांच नहीं हुई। बाद में परिवार से संपर्क किया गया और परिजन उसे सिद्धार्थनगर वापस ले आए। इस मामले में उसके साथ जयपुर गई चारों लड़कियों की पहचान और उनके बारे में जानकारी अभी सामने नहीं आई है। पीड़िता के इंजेक्शन लगाए जाने के दावे की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।