सिद्धार्थनगर में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला दुल्हा-दुल्हन का शव: बीस घंटे पहले हुई थी दोनों की शादी, मामले की जांच में जुटी पुलिस

सिद्धार्थनगर में शादी के महज कुछ घंटे बाद नवविवाहित दंपती के शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। घर के अंदर दूल्हे का शव साड़ी के फंदे से लटका मिला तो वही, दुल्हन का शव बिस्तर पर पड़ा मिला। फिलहाल दोनों की मौत की वजह का पता नहीं चल पाया है। नवदंपती की मौत की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, सिद्धार्थनगर के बांसी कोतवाली इलाके के जनियाजोत गांव में मंगलवार की सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब महज बीस घंटे पहले शादी के बंधन में बंधे नवदंपती के शव कमरे में मिले। कमरे में नवविवाहित युवक का शव फंदे से लटकता मिला, जबकि उसकी दुल्हन बिस्तर पर मृत अवस्था में पड़ी थी। एक दिन पहले जिस घर में शहनाइयां बज रही थीं, वहां अचानक हुए इस हादसे से दोनों परिवारों में कोहराम मचा हुआ है और पूरे इलाके में तरह-तरह की बातें हो रही हैं।
अप्रैल में होने वाली थी दोनों की शादी
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची बांसी कोतवाली पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गहन जांच में जुट गई है। जनियाजोत गांव निवासी देशराज चौहान (21) पुत्र मुकेश चौहान का जोगिया थाना इलाके की कड़जहवा निवासी अनीता (19) के साथ काफी समय से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। दोनों के परिजनों ने उनके रिश्ते को स्वीकार करते हुए आगामी अप्रैल माह में शादी तय कर दी थी। देशराज लगभग 20 दिन पहले ही मुंबई से गांव लौटा था। देशराज के गांव आने की जानकारी जब अनीता को हुई, तो वह प्रेम में व्याकुल होकर उसके घर आ पहुंची और वहीं रहने लगी।
जगाने के लिए पहुंचे तो कमरे का नजारा देख उड़े होश
इसके बाद दोनों परिवारों ने आपसी सहमति से सोमवार दोपहर करीब दो बजे बांसी स्थित प्रसिद्ध टेकधर मंदिर में दोनों का विवाह संपन्न कराया। शादी के बाद घर में रिश्तेदारों के लिए प्रीतिभोज दावत का आयोजन किया गया था, जिसके बाद सभी लोग सोने चले गए थे। मंगलवार सुबह जब देशराज की मौसी नवदंपती को जगाने कमरे में गईं, तो कमरे का दरवाजा खुला पड़ा था। अंदर का नजारा देखते ही उनके होश उड़ गए। देशराज साड़ी के फंदे से लटक रहा था, जबकि पास ही बिस्तर पर अनीता मृत अवस्था में पड़ी हुई थी।
पोस्टमाटर्म रिपोर्ट के बाद स्पष्ट होगी मौत की वजह
परिजनों के चीखने-चिल्लाने पर आसपास के लोग एकत्र हो गए। घटना की सूचना तत्काल देशराज के पिता ने बांसी कोतवाली पुलिस को दी। सूचना मिलते ही तत्काल मौके पर प्रभारी निरीक्षक महेंद्र प्रताप चतुर्वेदी व फॉरेंसिक टीम पहुंचकर घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाए। पुलिस का कहना है कि दोनों मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो सकेगी। एक दिन पहले जिस घर में शहनाइयां बज रही थीं, वहां अचानक हुए इस हादसे से दोनों परिवारों में कोहराम मचा हुआ है और पूरे इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं व्याप्त










