वाराणसी में जम्मू-तवी एक्सप्रेस में यात्री की हत्या: बाथरूम से निकलते ही सिर में मारी गोली, ट्रेन से कूदकर फरार हुए बदमाश

जिले में रविवार रात सनसनीखेज वारदात हुई। जम्मू-तवी एक्सप्रेस में सफर कर रहे यात्री की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना रात करीब दो बजे हुई। वारदात के बाद ट्रेन में अफरा-तफरी मच गई। यात्री दहशत में आ गए। सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस सक्रिय हुई। पुलिस ने वाराणसी जंक्शन पर बॉडी उतारी। बदमाश ट्रेन की स्पीड कम होते ही फरार हो गए। घटना पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन से पहले हुई। लगातार दूसरी ट्रेन में हत्या से सुरक्षा पर सवाल उठे हैं। रेलवे यात्रियों में डर का माहौल बना हुआ है। पुलिस अब दोनों घटनाओं को जोड़कर जांच कर रही है। रेलवे अधिकारियों ने भी रिपोर्ट तलब की है।
मृतक की पहचान बिहार निवासी दिनेश शाह के रूप में हुई। उनकी उम्र करीब 42 साल बताई गई। वह गया जिले के पिपरिया गांव के रहने वाले थे। परिवार के साथ धार्मिक यात्रा पर निकले थे। वह कोलकाता-जम्मू तवी एक्सप्रेस में सफर कर रहे थे। परिवार सीतापुर के नैमिषारण्य धाम जा रहा था। दिनेश शाह पत्नी के साथ एस-टू कोच में बैठे थे। उनकी बहन, बच्चे और सास जनरल डिब्बे में मौजूद थे। रात करीब दो बजे वह बाथरूम गए थे। बाथरूम से बाहर निकलते ही हमला हुआ। बदमाशों ने बेहद करीब से गोली चलाई। गोली सीधे उनके सिर में लगी। मौके पर ही उनकी मौत हो गई। गोली की तेज आवाज सुनते ही यात्री भागकर पहुंचे। पत्नी भी चीखते हुए मौके पर पहुंची। वहां दिनेश शाह खून से लथपथ पड़े थे।
ब्लॉक हट-बी के कारण धीमी थी ट्रेन
घटना पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन से करीब तीन किलोमीटर पहले हुई। उस समय ट्रेन ब्लॉक हट-बी क्षेत्र से गुजर रही थी। तकनीकी कारणों से ट्रेन की स्पीड कम थी। इसी का फायदा उठाकर हमलावर फरार हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दो संदिग्ध युवक तेजी से नीचे उतरे। अंधेरे का फायदा लेकर दोनों गायब हो गए। यात्रियों ने तुरंत रेलवे पुलिस को सूचना दी। इसके बाद ट्रेन वाराणसी जंक्शन पहुंची। रात 2:42 बजे बॉडी को ट्रेन से उतारा गया। पुलिस ने बॉडी पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। रेलवे सुरक्षा बल और जीआरपी ने जांच शुरू कर दी। पुलिस अब कोच के यात्रियों से पूछताछ कर रही है। सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।
लूट नहीं, निशाना बनाकर हत्या की आशंका
पुलिस की शुरुआती जांच में बड़ा खुलासा हुआ है। मृतक के पास मौजूद नकदी सुरक्षित मिली। दिनेश शाह के पास करीब 15 हजार रुपये थे। उनकी पत्नी के जेवर भी सुरक्षित पाए गए। इससे लूटपाट की आशंका कमजोर हुई है। पुलिस अब टारगेट किलिंग के एंगल पर जांच कर रही है। अधिकारियों का मानना है कि बदमाश पहले से ट्रेन में मौजूद थे। उन्होंने मौका देखकर हमला किया। रेलवे पुलिस की एक टीम ट्रेन के साथ रवाना हुई। टीम यात्रियों से जानकारी जुटा रही है। दूसरी टीम बिहार के गया जिले भेजी गई। वहां परिवार और रिश्तेदारों से पूछताछ होगी। पुलिस मृतक की पुरानी रंजिश भी खंगाल रही है।

दो दिन में दूसरी हत्या से बढ़ी चिंता
ट्रेन में दो दिनों के भीतर यह दूसरी हत्या है। इससे रेलवे सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हुए हैं। रविवार सुबह भी ऐसी ही वारदात हुई थी। गाजीपुर निवासी मंगरू की ट्रेन में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। वह कर्नाटक से घर लौट रहे थे। पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन से पैसेंजर ट्रेन पकड़ी थी। सकलडीहा स्टेशन से पहले बदमाशों ने हमला किया। कनपटी पर पिस्टल सटाकर गोली मारी गई। हत्या के बाद आरोपी उनका बैग लेकर फरार हो गए। पुलिस अभी उस मामले की जांच कर रही है। लगातार दूसरी घटना ने यात्रियों की चिंता बढ़ा दी है। रेलवे प्रशासन अब सुरक्षा बढ़ाने की तैयारी में जुटा है।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।








