वाराणसी में आधी रात प्रशासनिक कार्रवाई: 200 वर्ष पुरानी बताई जा रही मस्जिद ध्वस्त, कड़ी सुरक्षा के बीच चला अभियान

काशी मॉडल रेलवे स्टेशन परियोजना के लिए भूमि खाली कराने की प्रक्रिया के तहत मंगलवार देर रात प्रशासन ने राजघाट क्षेत्र स्थित अजगैब शहीद मस्जिद को ध्वस्त कर दिया। प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में चली इस कार्रवाई के दौरान करीब 42 फीट ऊंची संरचना को कुछ ही मिनटों में गिरा दिया गया। पूरे अभियान को लेकर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। मौके पर पुलिस तथा पीएसी के लगभग एक हजार जवान तैनात रहे। कार्रवाई के बाद रात में ही मलबा हटाकर क्षेत्र को पूरी तरह खाली करा लिया गया।
प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार मंगलवार रात करीब 12 बजे अधिकारियों की टीम राजघाट स्थित स्थल पर पहुंची। कार्रवाई से पहले पूरे इलाके की घेराबंदी कर बैरिकेडिंग की गई। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए सुरक्षा बलों को रणनीतिक रूप से तैनात किया गया। मौके पर पांच बुलडोजर लगाए गए। जिनकी मदद से मस्जिद को ध्वस्त किया गया। अभियान के दौरान डीसीपी काशी गौरव बंसवाल, एडीसीपी वैभव बांगर, एसीपी शिवहरी मीणा समेत कई सीनियर अफसर मौजूद रहे। पूरी कार्रवाई की निगरानी करते रहे।
दो वर्षों से चल रहा था कानूनी विवाद
भदऊ चुंगी स्थित किला कोहना क्षेत्र में मौजूद अजगैब शहीद मस्जिद और कब्रिस्तान को लेकर पिछले दो वर्षों से कानूनी विवाद चल रहा था। मुस्लिम पक्ष का दावा रहा है कि मस्जिद का इतिहास करीब 200 वर्ष पुराना है। यह क्षेत्र की महत्वपूर्ण धार्मिक धरोहरों में शामिल रही है। वहीं प्रशासन और रेलवे का कहना है कि संबंधित भूमि रेलवे की संपत्ति है। जिस पर समय के साथ अतिक्रमण कर मजार, मस्जिद और कब्रिस्तान विकसित कर लिए गए थे।
मॉडल स्टेशन परियोजना के लिए खाली कराई गई भूमि
वर्ष 2024 में काशी मॉडल रेलवे स्टेशन परियोजना की योजना सामने आने के बाद रेलवे प्रशासन ने भूमि का सर्वेक्षण कराया था। सर्वे के दौरान जमीन पर अतिक्रमण होने की बात सामने आई। इसके बाद रेलवे ने भूमि खाली कराने की प्रक्रिया शुरू की। मामला कोर्ट तक पहुंचा। जहां हाल ही में रेलवे के पक्ष में निर्णय आया। कोर्ट के आदेश के बाद संबंधित पक्ष को नोटिस जारी कर भूमि खाली करने के निर्देश दिए गए थे। निर्धारित समयावधि में पालन नहीं होने पर प्रशासन ने कार्रवाई की। प्रशासन का कहना है कि स्टेशन विस्तार और आधुनिक बुनियादी ढांचे के विकास के लिए यह कार्रवाई आवश्यक थी। वहीं कार्रवाई के बाद पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत कर दिया गया है। जिससे कानून-व्यवस्था बनी रहे।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।




