वाराणसी को मिलेगी दो बड़ी सौगात: स्टेडियम और रोपवे का पीएम कर सकते है लोकार्पण, पीएमओ भेजी गई प्रोजेक्टस की रिपोर्ट

वाराणसी|
स्टेडियम और रोपवे का पीएम कर सकते है लोकार्पण, पीएमओ भेजी गई प्रोजेक्टस की रिपोर्ट

वाराणसी को जल्द ही दो बड़ी सौगातें मिल सकती हैं, क्योंकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने आगामी काशी दौरे पर गंजारी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम और कैंट-गोदौलिया पब्लिक ट्रांसपोर्ट रोपवे का लोकार्पण कर सकते हैं। प्रशासनिक स्तर पर दोनों ही ड्रीम प्रोजेक्ट्स को अंतिम रूप दिया जा रहा है और इसकी प्रगति रिपोर्ट प्रधानमंत्री कार्यालय को भेजी जा चुकी है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी के विकास में दो बेहद महत्वाकांक्षी अध्याय जुड़ने जा रहे हैं। भगवान शिव की थीम पर आधारित गंजारी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम और देश के पहले सार्वजनिक परिवहन रोपवे का निर्माण कार्य अब अपने आखिरी चरण में पहुंच चुका है। इन दोनों मेगा प्रोजेक्ट्स की प्रोग्रेस रिपोर्ट प्रधानमंत्री कार्यालय को भेज दी गई है। माना जा रहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अक्टूबर के अंतिम सप्ताह में काशी दौरे के दौरान जनता को इन दोनों परियोजनाओं की सौगात दे सकते हैं।

शिव स्वरूप में दिखेगा खेल का मैदान

वाराणसी के गंजारी में करीब 450 करोड़ रुपये की लागत से बन रहा यह स्टेडियम पूरी तरह से काशी की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत से प्रेरित है। इस स्टेडियम का मुख्य द्वार बेलपत्र की आकृति जैसा है। वहीं, इसकी मीडिया गैलरी को डमरू का आकार दिया गया है और स्टेडियम की छत भगवान शिव के मस्तक पर सुशोभित अर्धचंद्र जैसी बनाई गई है।

त्रिशूल के आकार के लगाए गए है चार पोल

फ्लड लाइट्स के लिए त्रिशूल के आकार के चार बड़े पोल लगाए गए हैं। इस मैदान की दर्शक क्षमता 32,000 है। यहां आधुनिक सेंसर-आधारित ड्रेनेज सिस्टम लगाया गया है, जिससे भारी बारिश के महज आधे घंटे बाद ही मैदान दोबारा खेलने लायक हो जाएगा। उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन ने दिसंबर में होने वाली कूच बिहार ट्रॉफी के दो घरेलू मैचों की मेजबानी इस स्टेडियम को सौंप भी दी है।

15 मिनट में तय होगा कैंट से गोदौलिया का सफर

वाराणसी की ट्रैफिक व्यवस्था को पूरी तरह बदलने के लिए एशिया के पहले अर्बन पब्लिक ट्रांसपोर्ट रोपवे का ट्रायल रन शुरू हो चुका है। करीब 815 करोड़ रुपये की लागत से बन रहा यह 3.8 किलोमीटर लंबा इको-फ्रेंडली कॉरिडोर वाराणसी कैंट रेलवे स्टेशन से गोदौलिया चौक को जोड़ेगा। इस सफर को तय करने में जहां पहले सड़कों पर घंटों जाम से जूझना पड़ता था, वहीं अब रोपवे के जरिए सिर्फ 15 मिनट लगेंगे। इस रोपवे प्रोजेक्ट का काम लगभग 94% से 95% पूरा हो चुका है और वर्तमान में सुरक्षा मानकों की कड़ाई से जांच की जा रही है। इस रूट पर कुल 5 आधुनिक स्टेशन कैंट, काशी विद्यापीठ, रथयात्रा, गिरजाघर और गोदौलिया बनाए गए हैं।

प्रशासनिक तैयारियां तेज

वाराणसी के प्रशासनिक अधिकारियों ने हाल ही में दोनों प्रोजेक्ट साइट्स का भौतिक निरीक्षण किया है। सितंबर के अंत तक परियोजनाओं का काम लगभग पूरा हो चुका है, जिसके बाद अब अक्टूबर में पीएम मोदी के हाथों इसके लोकार्पण की उम्मीदें बढ़ गई हैं। इन दोनों तोहफों से न सिर्फ काशी का बुनियादी ढांचा मजबूत होगा, बल्कि पर्यटन और खेल जगत में पूर्वांचल को एक नई वैश्विक पहचान मिलेगी।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।