रामपुर में खड़ी डीसीएम से टकराई तेज रफ्तार कार: आईटी कंपनी संचालक समेत चार की मौत, कार के उड़े परखच्चे

उत्तराखंड के जिम कॉर्बेट घूमने जा रहे सात दोस्तों का सफर रामपुर में दर्दनाक हादसे का शिकार हो गया। तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खड़ी डीसीएम से जा टकराई। भीषण टक्कर में नोएडा की एक आईटी कंपनी के संचालक समेत चार युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और चालक को झपकी आने की आशंका जताई गई है।
जानकारी के अनुसार तेज गति से चल रही कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़ी डीसीएम में पीछे से घुस गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग अंदर ही फंस गए। हादसे के बाद सामने आए वीडियो में एक घायल युवक खून से लथपथ हालत में लोगों से मदद की गुहार लगाता दिखाई दे रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और गैस कटर की मदद से कार काटकर घायलों और बॉडी को बाहर निकाला।
वीकेंड ट्रिप पर जा रहे थे जिम कॉर्बेट
पुलिस के अनुसार मृतकों में दिल्ली निवासी अभिषेक अग्निहोत्री (30), नीरज (24), गुलबुद्दीन उर्फ सोनू (35) और बागपत निवासी कार्तिक (24) शामिल हैं। अभिषेक नोएडा में 'इंडियन शॉप' नाम से आईटी कंपनी संचालित करते थे। वह अपने कर्मचारियों, छोटे भाई और दोस्तों के साथ वीकेंड ट्रिप पर जिम कॉर्बेट जा रहे थे। हादसे में जतिन, कमल और अभिषेक के भाई विशाल गंभीर रूप से घायल हुए। प्राथमिक इलाज के बाद तीनों को मेरठ रेफर किया गया। लेकिन परिजन उन्हें आगे इलाज के लिए दिल्ली ले गए।
दो कारों से निकला था दोस्तों का समूह
अभिषेक के मित्र पदम धीमान ने बताया कि सभी लोग दिल्ली से दो कारों में निकले थे। हादसे से कुछ समय पहले कार का टायर पंचर हो गया था। इसे ठीक कराने में देरी हुई और दूसरी कार आगे निकल गई। जब काफी देर तक पहली कार नहीं पहुंची तो अभिषेक से संपर्क करने का प्रयास किया गया। बाद में उनके मोबाइल पर किसी अन्य व्यक्ति ने फोन उठाकर दुर्घटना की जानकारी दी। इसके बाद साथी तुरंत घटनास्थल पहुंचे।
परिवारों पर टूटा दुखों का पहाड़
हादसे में जान गंवाने वाले कार्तिक नोएडा में नौकरी करते थे। उनकी दो वर्ष पहले शादी हुई थी और परिवार में पत्नी भारती तथा एक वर्ष की बेटी काशवी है। वहीं नीरज के पिता ने बताया कि बेटे की शादी की बातचीत चल रही थी और जल्द रिश्ता तय होने की उम्मीद थी। गुलबुद्दीन अविवाहित थे और अभिषेक की कंपनी में कार्यरत थे। हादसे के बाद सभी परिवारों में मातम का माहौल है।
पुलिस ने शुरू की जांच
थाना प्रभारी संदीप मिश्रा ने बताया कि चारों बॉडी को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजन मौके पर पहुंच चुके हैं। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और चालक को झपकी आने को हादसे का संभावित कारण माना जा रहा है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









