गोरखपुर में भाजपा नेता के घर बाहर खड़ी स्कार्पियो चोरी: कार से चोरी करने पहुंचे बदमाश, सीसीटीवी में कैद फुटेज

शाहपुर थाना क्षेत्र में भाजपा नेता के घर के बाहर खड़ी स्कार्पियो चोरी होने का मामला सामने आया है। नकाबपोश बदमाश कार से पहुंचे और कुछ ही मिनटों में वाहन लेकर फरार हो गए। पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई है। पुलिस फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी है।
घटना शाहपुर क्षेत्र के धर्मपुर चौराहे स्थित घोषीपुरवा वार्ड की है। यहां पूर्व पार्षद और भाजपा नेता मंतालाल यादव का मकान है। उनके भाई अभयनंदन यादव की स्कार्पियो घर के बाहर खड़ी थी। वह प्रॉपर्टी का कारोबार करते हैं। कार से चार से पांच युवक मौके पर पहुंचे। सभी ने अपने चेहरे ढक रखे थे। बदमाशों ने कुछ ही मिनटों में स्कार्पियो का लॉक खोलकर वाहन स्टार्ट किया और लेकर फरार हो गए।
पुलिस को दी सूचना
कुत्तों के भौंकने की आवाज सुनकर परिवार के लोग बाहर निकले तो स्कार्पियो गायब मिली। इसके बाद तत्काल डायल-112 और शाहपुर पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें चोरी की गई स्कार्पियो एचएन सिंह चौराहा, गुलरिहा, सराय गुलरिहा और भटहट की ओर जाती दिखाई दी।
फर्जी नंबर प्लेट की आशंका
जांच के दौरान पुलिस को जिस कार का नंबर मिला, वह राजेंद्रनगर निवासी एक व्यक्ति के नाम पर पंजीकृत निकला। पुलिस जब उसके घर पहुंची तो संबंधित कार वहीं खड़ी मिली। इसके बाद आशंका जताई जा रही है कि चोरी में इस्तेमाल की गई कार पर फर्जी नंबर प्लेट लगाई गई थी। पुलिस सीसीटीवी फुटेज, वाहन के रूट और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर बदमाशों की पहचान कर उनकी तलाश में जुटी है।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









