एशियन गेम्स के लिए अफगानिस्तान की युवा टीम तैयार: दरविश रसूली को मिली कमान, स्क्वाड में छह अनकैप्ड खिलाड़ी भी शामिल

जापान में होने वाले एशियन गेम्स 2026 के लिए अफगानिस्तान ने अपनी क्रिकेट टीम घोषित कर दी है। टॉप ऑर्डर बल्लेबाज दरविश रसूली को टीम की कप्तानी सौंपी गई है। टीम में छह ऐसे खिलाड़ी शामिल हैं, जिन्होंने अभी तक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण नहीं किया है। इसके अलावा पांच खिलाड़ियों के पास 10 से कम इंटरनेशनल मैच खेलने का अनुभव है। टीम में करीम जनत और नजीबुल्लाह जादरान जैसे अनुभवी खिलाड़ियों को भी जगह दी गई है।
अफगानिस्तान ने टीम चयन में अपनी घरेलू टी-20 प्रतियोगिता शपगीजा क्रिकेट लीग में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को प्राथमिकता दी है। पिछले सीजन में लीग के दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले मोहम्मद अकरम को टीम में शामिल किया गया है। उनके अलावा टूर्नामेंट में दूसरे सबसे बेहतर स्ट्राइक रेट वाले खालिद तनीवाल को भी टीम का हिस्सा बनाया गया है।
इस्मत आलम का प्रदर्शन रहा प्रभावी
दो टेस्ट मैच खेल चुके ऑलराउंडर इस्मत आलम को भी एशियन गेम्स की टीम में शामिल किया गया है। वह शपगीजा क्रिकेट लीग के पिछले सीजन में प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट रहे थे। उन्होंने 294 रन बनाए थे और उनका स्ट्राइक रेट 168 रहा था। गेंदबाजी में भी उन्होंने प्रभाव छोड़ा और नौ विकेट हासिल किए। उनका गेंदबाजी औसत 16.77 रहा।
फैसल शिनोजादा को भी मिला मौका
टीम में नंग्यालिया खरोटे को भी शामिल किया गया है, जिनके पास 10 से ज्यादा इंटरनेशनल मैचों का अनुभव है। वह अफगानिस्तान के स्पिन आक्रमण की अगुआई कर सकते हैं। वहीं, अंडर-19 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में भारत के खिलाफ शतक लगाने वाले फैसल शिनोजादा को भी टीम में जगह मिली है। अफगानिस्तान ने अनुभवी खिलाड़ियों और घरेलू क्रिकेट में उभरकर सामने आए युवा चेहरों के मिश्रण के साथ टीम तैयार की है।










