बीएमडब्ल्यू में जाएंगी 8 हजार नौकरियां: लागत घटाने को 2027 तक होगी छंटनी, इलेक्ट्रिक कारों और टैरिफ का बढ़ा दबाव

1 घंटा पहले
लागत घटाने को 2027 तक होगी छंटनी, इलेक्ट्रिक कारों और टैरिफ का बढ़ा दबाव

लग्जरी कार निर्माता बीएमडब्ल्यू ने बढ़ते लागत दबाव और वैश्विक बाजार की चुनौतियों के बीच बड़े स्तर पर कर्मचारियों की संख्या घटाने की तैयारी शुरू कर दी है। कंपनी की योजना 2027 के अंत तक करीब 8,000 पद समाप्त करने की है। यह कदम मुनाफे में गिरावट की चेतावनी के बाद लागत कम करने और प्रतिस्पर्धी बने रहने की रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है।

कंपनी कई मोर्चों पर दबाव का सामना कर रही है। इलेक्ट्रिक वाहनों से मिलने वाला मुनाफा अपेक्षा से कम रहा है। वहीं अमेरिका के टैरिफ और चीनी वाहन कंपनियों से बढ़ती प्रतिस्पर्धा ने भी बीएमडब्ल्यू की कारोबारी चुनौतियां बढ़ा दी हैं। इन परिस्थितियों में कंपनी खर्च नियंत्रित करने और परिचालन को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में कदम उठा रही है।

जर्मनी के डेस्क कर्मचारियों पर पड़ेगा असर

बीएमडब्ल्यू के दुनियाभर में करीब 1.54 लाख कर्मचारी हैं। प्रस्तावित छंटनी का सबसे अधिक असर जर्मनी में कार्यालयों में कार्यरत कर्मचारियों पर पड़ेगा। अक्टूबर से कंपनी अपने लगभग 85 हजार स्थायी जर्मन कर्मचारियों में से करीब 40 हजार को स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति या स्वैच्छिक नौकरी छोड़ने का प्रस्ताव देगी। हालांकि उत्पादन इकाइयों और फैक्ट्रियों में कार्यरत कर्मचारियों को इस प्रक्रिया से बाहर रखा गया है।

चीन में कारोबार में बड़ी गिरावट

बीएमडब्ल्यू ने हाल ही में बताया था कि चीन में उसका कारोबार उम्मीद से अधिक कमजोर रहा है। आर्थिक सुस्ती और स्थानीय कंपनियों की कड़ी प्रतिस्पर्धा के कारण वहां कारों की बिक्री प्रभावित हुई है। अप्रैल से जून तिमाही के दौरान चीन में कंपनी की डिलीवरी में करीब 30 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई, जो 2017 के बाद सबसे निचले स्तरों में रही।

दूसरी कंपनियां भी उठा रहीं ऐसे कदम

ऑटोमोबाइल उद्योग में लागत घटाने का दबाव केवल बीएमडब्ल्यू तक सीमित नहीं है। जर्मनी की एक अन्य प्रमुख कंपनी फॉक्सवैगन भी अपने विभिन्न ब्रांडों में करीब एक लाख नौकरियों में कटौती पर विचार कर रही है। वहीं मर्सिडीज-बेंज पहले ही स्वैच्छिक छंटनी कार्यक्रम लागू कर चुकी है। ऐसे में वैश्विक ऑटो उद्योग में लागत नियंत्रण और कार्यबल के पुनर्गठन का दौर लगातार तेज होता दिख रहा है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।