गिरावट के बाद शेयर बाजार में बूम: 592 अंक उछला सेंसेक्स, निफ्टी में भी बड़ी बढ़त

पिछले कारोबारी सत्र की भारी गिरावट के बाद गुरुवार को घरेलू शेयर बाजार ने मजबूत शुरुआत की। शुरुआती कारोबार में बीएसई सेंसेक्स 592 अंक से अधिक की तेजी के साथ कारोबार करता दिखाई दिया। वहीं, एनएसई निफ्टी भी बढ़त के साथ 24 हजार के स्तर के करीब पहुंच गया। बाजार में व्यापक खरीदारी का माहौल देखने को मिला। अधिकांश सेक्टोरल सूचकांक हरे निशान में कारोबार करते रहे।
कारोबार की शुरुआत में सेंसेक्स 72.54 अंक की मजबूती के साथ 76,576.14 अंक पर खुला। इसके बाद इसमें तेजी और बढ़ी तथा यह 592 अंक चढ़कर 77,095 अंक तक पहुंच गया। सेंसेक्स 530.44 अंक यानी 0.69 प्रतिशत की बढ़त के साथ 77,034.04 अंक पर कारोबार कर रहा था। वहीं निफ्टी 46.90 अंक की बढ़त के साथ 23,928.95 अंक पर खुला। बाद में 167.65 अंक यानी 0.70 प्रतिशत मजबूत होकर 24,049.70 अंक पर पहुंच गया।
अधिकांश सेक्टरों में खरीदारी
बाजार में आईटी और धातु क्षेत्र को छोड़कर लगभग सभी सेक्टरों में खरीदारी देखी गई। टिकाऊ उपभोक्ता उत्पाद, एफएमसीजी, फार्मा, हेल्थकेयर, रियल्टी, मीडिया और रसायन क्षेत्र के शेयरों में सबसे अधिक तेजी रही। बुधवार को दोनों प्रमुख सूचकांक दो प्रतिशत से अधिक की गिरावट के साथ बंद हुए थे।
इन शेयरों में रही सबसे ज्यादा हलचल
सेंसेक्स की कंपनियों में इंटरनल का शेयर करीब साढ़े चार प्रतिशत, सन फार्मा ढाई प्रतिशत और भारती एयरटेल करीब सवा दो प्रतिशत की बढ़त के साथ कारोबार कर रहे थे। एशियन पेंट्स, आईसीआईसीआई बैंक, एलएंडटी, रिलायंस इंडस्ट्रीज और एचडीएफसी बैंक के शेयरों में भी एक प्रतिशत से अधिक की मजबूती दर्ज की गई। दूसरी ओर, इंफोसिस का शेयर करीब दो प्रतिशत लुढ़का। वहीं, एचसीएल टेक्नोलॉजीज, टेक महिंद्रा, टीसीएस और बजाज फाइनेंस के शेयरों में भी गिरावट दर्ज की गई।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









