दो महीने बाद फिर भड़का ईरान-इजराइल युद्ध: ईरान ने इजराइल पर दागीं कई बैलिस्टिक मिसाइलें, हाई अलर्ट पर सुरक्षा एजेंसियां

08 जून 2026
ईरान ने इजराइल पर दागीं कई बैलिस्टिक मिसाइलें, हाई अलर्ट पर सुरक्षा एजेंसियां

अप्रैल में हुए संघर्षविराम के लगभग दो महीने बाद ईरान और इजराइल के बीच एक बार फिर सैन्य टकराव तेज हो गया है। रविवार रात ईरान ने इजराइल की ओर कई बैलिस्टिक मिसाइलें दागीं। जिसके बाद दोनों देशों के बीच तनावपूर्ण हालात पैदा हो गए। ईरान की इस कार्रवाई के जवाब में इजराइल ने भी कुछ घंटों बाद ईरान के कई सैन्य और रणनीतिक ठिकानों को निशाना बनाते हुए जवाबी हमले शुरू कर दिए। ताजा घटनाक्रम के बाद पूरे मध्य पूर्व क्षेत्र में सुरक्षा एजेंसियों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। जबकि कई देशों ने अपने हवाई क्षेत्र पर प्रतिबंध लगाने जैसे एहतियाती कदम उठाए हैं।

ईरान की रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) ने दावा किया कि यह हमला लेबनान में हिजबुल्लाह के ठिकानों पर इजराइली सैन्य कार्रवाई के जवाब में किया गया। मिसाइल हमलों के बाद इजराइल के विभिन्न शहरों में एयर रेड सायरन बजने लगे और नागरिकों को तत्काल सुरक्षित बंकरों एवं शेल्टरों में पहुंचने के निर्देश दिए गए। इसके जवाब में इजराइली वायुसेना ने पश्चिमी और मध्य ईरान के कई सैन्य प्रतिष्ठानों को निशाना बनाया। ईरानी मीडिया के अनुसार तेहरान, तबरीज और इस्फहान में कई तेज विस्फोट सुनाई दिए। जिससे स्थानीय स्तर पर दहशत का माहौल बन गया।

पेट्रोकेमिकल संयंत्र भी बने निशाना

इजराइली सेना ने दक्षिण-पश्चिम ईरान के खुजेस्तान प्रांत स्थित माहशहर पेट्रोकेमिकल कॉम्प्लेक्स पर हमले की पुष्टि की है। सेना के अनुसार वायुसेना ने परिसर के कई महत्वपूर्ण ठिकानों को निशाना बनाया। वहीं ईरानी अधिकारियों ने भी स्वीकार किया है कि हमले में संयंत्र के कुछ हिस्सों को नुकसान पहुंचा है। हालांकि हताहतों और वास्तविक क्षति का आकलन अभी जारी है। माहशहर ईरान का प्रमुख औद्योगिक और ऊर्जा केंद्र माना जाता है। इसलिए इस हमले को रणनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

क्षेत्रीय देशों में बढ़ी चिंता, एयरस्पेस बंद

लगातार बढ़ते सैन्य तनाव के बीच ईरान ने तेहरान स्थित इमाम खोमैनी इंटरनेशनल हवाई अड्डे के आसपास का हवाई क्षेत्र बंद कर दिया है। वहीं इराक ने 72 घंटे और सीरिया ने 12 घंटे के लिए अपना एयरस्पेस बंद करने का निर्णय लिया है। दूसरी ओर सऊदी अरब ने भी अल-खर्ज क्षेत्र में संभावित खतरे को देखते हुए नागरिकों के लिए सतर्कता अलर्ट जारी किया है। हालांकि ईरान ने सऊदी एयरबेस पर किसी भी प्रकार के हमले की खबरों को खारिज कर दिया है।

ट्रम्प ने संयम की अपील

रिपोर्ट्स के अनुसार अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने इजराइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू से बड़े पैमाने पर जवाबी कार्रवाई से बचने की अपील की थी। इसके बावजूद इजराइल ने सैन्य अभियान जारी रखा। इजराइली सेना ने बताया कि सेना प्रमुख मेजर जनरल एयाल जमीर स्वयं पूरे अभियान की निगरानी कर रहे हैं और हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है।

वैश्विक स्तर पर बढ़ी चिंता

ईरान और इजराइल के बीच ताजा सैन्य टकराव ने इंटरनेशनल समुदाय की चिंता बढ़ा दी है। एक्सपर्ट्स का मानना है कि यदि दोनों देशों के बीच संघर्ष और बढ़ता है तो इसका असर पूरे मध्य पूर्व की सुरक्षा, वैश्विक ऊर्जा बाजार और इंटरनेशनल हवाई यातायात पर पड़ सकता है। फिलहाल दोनों देशों की सेनाएं पूरी तरह सतर्क हैं और क्षेत्र में हालात बेहद तनावपूर्ण बने हुए हैं।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।