गाजा में इजराइल का बड़ा हमला: हमास के नए सैन्य प्रमुख को मार गिराने का दावा, सात अक्टूबर हमले के मुख्य साजिशकर्ताओं में शामिल था मोहम्मद ओदेह

पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के बीच इजराइल ने गाजा में बड़ा सैन्य अभियान चलाया। इजराइल ने हमास की सैन्य शाखा अल-कसम ब्रिगेड्स के नए प्रमुख मोहम्मद ओदेह को मार गिराने का दावा किया है। इजराइल डिफेंस फोर्स के अनुसार, मोहम्मद ओदेह सात अक्टूबर 2023 को इजराइल पर हुए हमले के प्रमुख साजिशकर्ताओं में शामिल था। इस कार्रवाई को इजराइल की अब तक की सबसे महत्वपूर्ण टारगेटेड स्ट्राइक में से एक माना जा रहा है।
इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और रक्षा मंत्री इजरायल काट्ज की ओर से संयुक्त बयान जारी हुआ है। उन्होंने कहा कि मोहम्मद ओदेह हमास की खुफिया इकाई का प्रमुख रह चुका था। हाल ही में उसे अल-कसम ब्रिगेड्स का नया सैन्य प्रमुख बनाया गया था। इजराइल अधिकारियों के मुताबिक, ओदेह कई इजराइली नागरिकों और सैनिकों की हत्या, अपहरण तथा हमलों की साजिश में शामिल था। बताया गया कि उसे करीब एक सप्ताह पहले ही हमास की सैन्य कमान सौंपी गई थी।
हमास नेतृत्व पर लगातार कार्रवाई
इजराइल सेना के अनुसार, मोहम्मद ओदेह को हमास के पूर्व सैन्य प्रमुख इज्ज अलदीन अल-हद्दाद की जगह नियुक्त किया गया था। जिन्हें दो सप्ताह पहले गाजा में किए गए आईडीएफ हमले में मार गिराया गया था। इजराइल का कहना है कि 7 अक्टूबर हमले के बाद से उसकी सेना और खुफिया एजेंसियां हमास के शीर्ष कमांडरों और नेतृत्व को व्यवस्थित तरीके से निशाना बना रही हैं। इससे पहले इजराइल हमास के पूर्व राजनीतिक प्रमुख इस्माइल हानियेह, संगठन के प्रभावशाली नेता याह्या सिनवार और लंबे समय तक सैन्य शाखा का नेतृत्व करने वाले मोहम्मद दीफ को भी मारने का दावा कर चुका है। हालांकि इन दावों को लेकर इंटरनेशनल लेवल पर लगातार बहस और विवाद बना हुआ है।
गाजा में लगातार जारी हैं एयरस्ट्राइक
उधर, गाजा में इजराइल हमले लगातार जारी हैं। हमास नियंत्रित गाजा सिविल डिफेंस एजेंसी के मुताबिक पश्चिमी गाजा सिटी के रिमाल इलाके में इजराइली एयरस्ट्राइक में कम से कम तीन लोगों की मौत हुई हैं। वहीं 20 अन्य घायल हो गए है। कई रिहायशी इलाकों में भारी तबाही की खबरें भी सामने आई हैं। प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर भी मोहम्मद ओदेह के मारे जाने की पुष्टि की है। कहा कि सात अक्टूबर हमले में शामिल प्रत्येक व्यक्ति को निशाना बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि इजराइल अपनी सैन्य कार्रवाई तब तक जारी रखेगा, जब तक हमास की सैन्य क्षमता पूरी तरह समाप्त नहीं हो जाती।
लेबनान तक बढ़ा संघर्ष
गाजा के साथ-साथ इजराइल ने लेबनान में भी हमले तेज कर दिए हैं। रिपोर्ट के अनुसार, इजराइली सेना ने ईरान समर्थित संगठन हिजबुल्लाह और हमास से जुड़े ठिकानों पर कई एयरस्ट्राइक की हैं। टायर और मरजायौन जिलों के बुर्ज रहाल, सरीफा, अस-सवाना और कबरिखा जैसे इलाकों को निशाना बनाया गया है। नेतन्याहू ने एक वीडियो संदेश में कहा कि इजराइल हिजबुल्लाह के खिलाफ भी निर्णायक कार्रवाई कर रहा है। उन्होंने दावा किया कि हाल के हफ्तों में 600 से अधिक आतंकियों को मार गिराया गया है। यह अभियान आगे और तेज किया जाएगा।
1221 लोगों की हुई थी मौत
इजराइल के आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक, सात अक्टूबर 2023 को हुए हमले में 1221 लोगों की मौत हुई थी। वहीं गाजा के स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, इजराइली जवाबी कार्रवाई में अब तक 72 हजार से अधिक लोगों की जान जा चुकी है। लगातार बढ़ते संघर्ष ने पूरे पश्चिम एशिया में अस्थिरता और मानवीय संकट को और गंभीर बना दिया है।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









