26/11 से जुड़े लश्कर आतंकी की मौत: मस्जिद के बाहर अचानक गिरा, मौत की वजह स्पष्ट नहीं

इस्लामाबाद|10 अगस्त 2026
मस्जिद के बाहर अचानक गिरा, मौत की वजह स्पष्ट नहीं

मुंबई में 26/11 आतंकी हमले की साजिश से जुड़े लश्कर-ए-तैयबा के आतंकी कारी सईद अब्दुल-अजीज की पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में मौत हो गई। रिपोर्ट्स के मुताबिक, वह कुबा मस्जिद के बाहर अचानक गिर पड़ा था। इससे पहले उसने एक रेस्टोरेंट में खाना खाया था। नमाज के लिए मस्जिद पहुंचने के बाद वह अचानक गिर गया। उसकी मौत की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं है और पाकिस्तानी अधिकारियों ने भी घटना की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

अब्दुल-अजीज पर 26 नवंबर 2008 को हुए मुंबई आतंकी हमले की साजिश में शामिल होने का आरोप था। उस हमले में लश्कर-ए-तैयबा के 10 आतंकियों ने मुंबई के कई प्रमुख ठिकानों को निशाना बनाया था। हमले में 166 लोगों की मौत हुई थी, जबकि सैकड़ों लोग घायल हुए थे। अजीज पर लश्कर की एक यूनिट संभालने का भी आरोप था। यह यूनिट आतंकियों के बीच संचार व्यवस्था और जम्मू-कश्मीर में मारे गए लश्कर आतंकियों के परिवारों को आर्थिक सहायता से जुड़े काम देखती थी।

पाकिस्तान में लश्कर ऑपरेटिव्स की रहस्यमय मौतों का सिलसिला जारी

अजीज की मौत ऐसे समय हुई है, जब पाकिस्तान में पिछले कुछ वर्षों के दौरान लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े कई आतंकियों और ऑपरेटिव्स की रहस्यमय मौतों की खबरें सामने आती रही हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, अलग-अलग घटनाओं में 30 से 40 लश्कर ऑपरेटिव्स मारे जा चुके हैं। हालांकि, इन घटनाओं और अब्दुल-अजीज की मौत के बीच किसी सीधे संबंध की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। फिलहाल यह भी स्पष्ट नहीं है कि उसकी मौत बीमारी या किसी अन्य कारण से हुई। मामले में पाकिस्तानी अधिकारियों की आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।