रूस में ड्रोन हमले से दहला निजनेकामस्क: 13 की मौत; 39 लोग घायल, तेल सुविधा केंद्र के पास दिखा धुएं का गुबार

10 अगस्त 2026
13 की मौत; 39 लोग घायल, तेल सुविधा केंद्र के पास दिखा धुएं का गुबार

रूस के तातारस्तान क्षेत्र में यूक्रेनी ड्रोन हमले ने युद्ध की बढ़ती आक्रामकता को एक बार फिर सामने ला दिया है। निजनेकामस्क शहर में हुए ड्रोन हमले में कम से कम 13 लोगों की मौत और 39 के घायल होने की जानकारी सामने आई है। इसे चार साल से अधिक समय से जारी रूस-यूक्रेन युद्ध में यूक्रेन की ओर से किए गए सबसे घातक हमलों में से एक बताया जा रहा है।

निजनेकामस्क यूक्रेन की सीमा से एक हजार किलोमीटर से अधिक दूरी पर स्थित है। तातारस्तान ऊर्जा संसाधनों से समृद्ध क्षेत्र है और यहां कई बड़ी तेल रिफाइनरियां मौजूद हैं। कीव पहले भी जवाबी हमलों में इस क्षेत्र की तेल सुविधाओं को निशाना बनाता रहा है। सोशल मीडिया पर सामने आए कुछ अपुष्ट वीडियो फुटेज में निजनेकामस्क के आसपास स्थित एक तेल सुविधा केंद्र के पास काले धुएं का बड़ा गुबार उठता दिखाई दिया। हालांकि, इन फुटेज की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।

खार्कीव में रूसी हमले में पांच लोगों की मौत

रूस और यूक्रेन के बीच हमलों का सिलसिला दोनों तरफ जारी है। यूक्रेन में फ्रंट लाइन के पास स्थानीय अधिकारियों ने बताया कि उत्तर-पूर्वी खार्कीव क्षेत्र के एक गांव में रूसी सेना की भारी तोपखाने से की गई गोलाबारी में पांच लोगों की मौत हो गई। अधिकारियों के जारी बयान के मुताबिक, 10 अगस्त को रूसी सेना ने चुगुइव जिले के बुगाइव्का गांव के रिहायशी इलाके को निशाना बनाकर भारी तोपखाने से हमला किया। हमले में कई घर क्षतिग्रस्त होकर नष्ट हो गए और पांच लोगों की जान चली गई। अधिकारियों ने मलबे में तब्दील एक मकान की तस्वीर भी साझा की।

रूस का दावा- 456 यूक्रेनी ड्रोन मार गिराए

रूस के रक्षा मंत्रालय ने दावा किया कि उसने रातभर में रूस की ओर छोड़े गए 456 यूक्रेनी ड्रोन को मार गिराया। हालांकि, मंत्रालय ने यह जानकारी नहीं दी कि इनमें से कितने ड्रोन अपने निर्धारित लक्ष्य तक पहुंच पाए। संयुक्त राष्ट्र के अनुसार, रूस और यूक्रेन दोनों ने इस साल लंबी दूरी के हमलों में काफी बढ़ोतरी की है। इन हमलों के चलते नागरिकों के हताहत होने के मामलों में भी वृद्धि दर्ज की गई है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।