ट्रम्प की सख्त चेतावनी: ईरान से हर हाल में लेंगे यूरेनियम, बुधवार तक डील न होने पर सीजफायर खत्म करने की धमकी

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने एक बार फिर ईरान के परमाणु कार्यक्रम को लेकर कड़ा रुख अपनाया है। शनिवार को एयरफोर्स वन में पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि अमेरिका किसी भी हालत में ईरान के पास मौजूद उच्च स्तर पर एनरिच्ड यूरेनियम हासिल करेगा।
ट्रम्प ने चेतावनी दी कि यदि बुधवार तक ईरान के साथ कोई बड़ा समझौता नहीं होता तो मौजूदा सीजफायर समाप्त किया जा सकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अमेरिकी नाकेबंदी जारी रहेगी और आवश्यकता पड़ने पर दोबारा बमबारी भी शुरू की जा सकती है। यह बयान ऐसे समय में आया है जब दोनों देशों के बीच बातचीत ठहराव की स्थिति में है। हाल ही में पाकिस्तान में हुई अप्रत्यक्ष वार्ता भी किसी ठोस नतीजे तक नहीं पहुंच सकी। हालांकि बैकचैनल बातचीत से उम्मीद जगी थी, लेकिन कई अहम मुद्दों पर अब भी सहमति नहीं बन पाई है।
होर्मुज स्ट्रेट को लेकर स्थिति अस्पष्ट
होर्मुज स्ट्रेट को लेकर अभी भी स्थिति पूरी तरह स्पष्ट नहीं है। विरोधाभासी खबरों के कारण कई जहाज इस मार्ग से गुजरने से बच रहे हैं। कुछ जहाजों ने रास्ता बदल लिया है जिससे वैश्विक व्यापार और तेल आपूर्ति पर असर पड़ सकता है। ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने दावा किया है कि होर्मुज स्ट्रेट सभी व्यापारिक जहाजों के लिए खुला है और आवाजाही सामान्य है। इसके विपरीत, ईरान के संसद स्पीकर मोहम्मद बाकर गालिबाफ ने चेतावनी दी है कि यदि अमेरिका ने ईरानी बंदरगाहों पर नाकेबंदी जारी रखी तो यह मार्ग बंद किया जा सकता है।
वहीं, अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने स्पष्ट किया है कि नाकेबंदी तब तक जारी रहेगी, जब तक राष्ट्रपति ट्रम्प इसे हटाने का आदेश नहीं देते।

पिछले 24 घंटे के पांच बड़े अपडेट
- दोबारा बातचीत की संभावना: अमेरिका और ईरान के बीच सोमवार को पाकिस्तान में फिर वार्ता हो सकती है हालांकि आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
- होर्मुज स्ट्रेट खुला होने का दावा: ईरान ने कहा कि स्ट्रेट फिलहाल खुला है और आवाजाही सामान्य है।
- ईरान की चेतावनी: नाकेबंदी जारी रहने पर होर्मुज बंद करने की धमकी।
- अमेरिकी नाकेबंदी जारी: ट्रम्प ने कहा कि डील लगभग तैयार है लेकिन अंतिम समझौते तक नाकेबंदी जारी रहेगी।
- घर वापसी शुरू: इजराइल-लेबनान सीजफायर के बाद हजारों लोग अपने घर लौटने लगे हैं।
ईरानी दूतावास का तंज
ईरान के जिम्बाब्वे स्थित दूतावास ने ट्रम्प पर व्यंग्य करते हुए कहा कि वे थोड़ा शांत रहें, फोन बंद करें और आराम करें। साथ ही सलाह दी कि वे एक सप्ताह तक इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू से बात न करें। दूतावास ने यह भी स्पष्ट किया कि होर्मुज स्ट्रेट से जुड़े फैसले ईरान स्वयं करेगा।
तेल बाजार को संभालने की कोशिश
अमेरिका ने अपने आपातकालीन तेल भंडार से लगभग 2.6 करोड़ बैरल तेल निकालकर नौ कंपनियों को उपलब्ध कराया है, ताकि बाजार में आपूर्ति बनी रहे और कीमतों में तेज उछाल न आए। इससे पहले भी सरकार तीन बार तेल जारी कर चुकी है और अब तक कुल 12.6 करोड़ बैरल तेल वितरित किया जा चुका है।
ट्रम्प का दावा- ‘अच्छी खबर’ मिली
ट्रम्प ने शुक्रवार को कहा कि ईरान को लेकर “अभी-अभी अच्छी खबर” मिली है। हालांकि उन्होंने इस बारे में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी। उन्होंने इतना जरूर कहा कि मिडिल ईस्ट में हालात बेहतर दिशा में बढ़ते नजर आ रहे हैं।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।










