महिलाओं की सेहत के लिए वरदान: दूर होगी कमजोरी और थकान, डाइट में शामिल करें ये पांच सुपरफूड्स

महिलाओं की स्वास्थ्य संबंधी जरूरतें पुरुषों की तुलना में कई मायनों में अलग होती हैं। हार्मोनल बदलाव, मासिक धर्म, गर्भावस्था, प्रसव और बदलती जीवनशैली का सीधा प्रभाव उनके शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य पर पड़ता है। यही कारण है कि बड़ी संख्या में महिलाएं कमजोरी, थकान, आयरन की कमी, हड्डियों की कमजोरी और कम ऊर्जा जैसी समस्याओं का सामना करती हैं। हेल्थ एक्सपर्ट्स का मानना है कि संतुलित और पोषणयुक्त आहार इन समस्याओं से बचाव का सबसे प्रभावी माध्यम है। यदि दैनिक भोजन में कुछ विशेष पोषक तत्वों से भरपूर सुपरफूड्स को शामिल किया जाए तो शरीर को आवश्यक ऊर्जा मिलने के साथ-साथ रोग प्रतिरोधक क्षमता भी मजबूत हो सकती है।
पालक को महिलाओं के लिए सबसे उपयोगी हरी सब्जियों में शामिल किया जाता है। इसमें प्रचुर मात्रा में आयरन, फोलिक एसिड, विटामिन-ए और विटामिन-सी पाया जाता है। आयरन शरीर में हीमोग्लोबिन के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। जिससे एनीमिया और खून की कमी जैसी समस्याओं से बचाव होता है। नियमित रूप से पालक का सेवन शरीर में ऑक्सीजन की आपूर्ति को बेहतर बनाता है। थकान तथा कमजोरी को कम करने में मदद करता है।
बादाम बढ़ाता है ऊर्जा और दिमागी क्षमता
बादाम को पोषण का पावरहाउस माना जाता है। इसमें प्रोटीन, हेल्दी फैट्स, मैग्नीशियम और विटामिन-ई भरपूर मात्रा में मौजूद होते हैं। एक्सपर्ट्स के अनुसार बादाम न केवल शरीर को ऊर्जा प्रदान करता है। मस्तिष्क की कार्यक्षमता और स्मरण शक्ति को भी बेहतर बनाता है। इसके नियमित सेवन से त्वचा स्वस्थ और चमकदार बनी रहती है। शरीर को लंबे समय तक आवश्यक पोषण मिलता है।
दही से मजबूत होता है पाचन और हड्डियों का स्वास्थ्य
दही को प्राकृतिक प्रोबायोटिक माना जाता है। जो पाचन तंत्र को मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभाता है। इसमें मौजूद लाभकारी बैक्टीरिया आंतों के स्वास्थ्य को बेहतर बनाते हैं। पाचन संबंधी समस्याओं को कम करते हैं। इसके अलावा दही कैल्शियम का उत्कृष्ट स्रोत है। जो हड्डियों और दांतों को मजबूत बनाए रखने में सहायक होता है। हेल्थ एक्सपर्ट महिलाओं को नियमित रूप से दही को भोजन का हिस्सा बनाने की सलाह देते हैं।
चिया सीड्स से मिलता है संपूर्ण पोषण
हाल के वर्षों में चिया सीड्स को सुपरफूड के रूप में काफी लोकप्रियता मिली है। छोटे आकार के ये बीज ओमेगा-3 फैटी एसिड, फाइबर, प्रोटीन और एंटीऑक्सीडेंट से भरपूर होते हैं। चिया सीड्स वजन नियंत्रण में मदद करते हैं। लंबे समय तक पेट भरा होने का एहसास कराते हैं। इसके साथ ही यह हार्मोनल संतुलन बनाए रखता है। शरीर की ऊर्जा क्षमता को बढ़ाने में भी सहायक माने जाते हैं।
खजूर देता है तुरंत ऊर्जा
खजूर को प्राकृतिक ऊर्जा का बेहतरीन स्रोत माना जाता है। इसमें मौजूद ग्लूकोज, फ्रक्टोज और सुक्रोज जैसे प्राकृतिक शर्करा तत्व शरीर को तुरंत ऊर्जा प्रदान करते हैं। यही वजह है कि कमजोरी या अत्यधिक थकान महसूस होने पर खजूर का सेवन लाभकारी माना जाता है। इसके साथ ही इसमें कई आवश्यक खनिज और पोषक तत्व भी पाए जाते हैं। जो संपूर्ण स्वास्थ्य को बेहतर बनाने में मदद करते हैं। एक्सपर्ट्स का मानना है कि यदि महिलाएं इन सुपरफूड्स को संतुलित मात्रा में अपनी दैनिक डाइट का हिस्सा बनाएं, तो वे न केवल कमजोरी और थकान से राहत पा सकती हैं। साथ ही लंबे समय तक स्वस्थ, सक्रिय और ऊर्जावान जीवन भी जी सकती हैं।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









