गर्मियों में स्ट्रीट फूड बना रहा बीमार: लापरवाही से बढ़ेगा इंफेक्शन और डिहाइड्रेशन का खतरा, इन 4 चीजों से तुरंत बना लें दूरी

निवेदिता चंद|09 जून 2026
लापरवाही से बढ़ेगा इंफेक्शन और डिहाइड्रेशन का खतरा, इन 4 चीजों से तुरंत बना लें दूरी

गर्मियों के मौसम में खानपान को लेकर थोड़ी सी लापरवाही भी सेहत पर भारी पड़ सकती है। बढ़ते तापमान के बीच खाद्य पदार्थ जल्दी खराब होने लगते हैं। उनमें बैक्टीरिया तेजी से पनपने लगते हैं। इसके बावजूद बड़ी संख्या में लोग स्वाद के लिए सड़क किनारे मिलने वाले स्ट्रीट फूड का सेवन करते हैं। एक्सपर्ट्स का मानना है कि गर्मी के मौसम में खुले में रखे खाद्य पदार्थों से फूड पॉइजनिंग, पेट का संक्रमण, उल्टी, दस्त और डिहाइड्रेशन जैसी समस्याओं का खतरा कई गुना बढ़ जाता है।

दरअसल, सड़क किनारे बिकने वाले अधिकांश खाद्य पदार्थ लंबे समय तक धूप, धूल और प्रदूषण के संपर्क में रहते हैं। कई बार इनके निर्माण में इस्तेमाल होने वाला पानी और बर्फ भी स्वच्छ नहीं होते। ऐसे में बच्चों, बुजुर्गों और कमजोर रोग प्रतिरोधक क्षमता वाले लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत है। यदि आप गर्मियों में स्वस्थ रहना चाहते हैं। अस्पताल के चक्कर लगाने से बचना चाहते हैं, तो कुछ लोकप्रिय स्ट्रीट फूड से दूरी बनाना बेहतर विकल्प हो सकता है।

गोलगप्पे और पानीपुरी से बढ़ सकता है इंफेक्शन का खतरा

गोलगप्पे और पानीपुरी गर्मियों में सबसे ज्यादा पसंद किए जाने वाले स्ट्रीट फूड में शामिल हैं। लेकिन इनमें इस्तेमाल होने वाला पानी हमेशा सुरक्षित हो, यह जरूरी नहीं है। कई बार यह पानी लंबे समय तक खुले में रखा रहता है। जिससे उसमें बैक्टीरिया और अन्य हानिकारक सूक्ष्मजीव पनप सकते हैं। ऐसे खाद्य पदार्थों के सेवन से पेट दर्द, दस्त, उल्टी और अपच जैसी समस्याएं हो सकती हैं। हेल्थ एक्सपर्ट्स घर पर तैयार स्वच्छ पानी या पैकेज्ड वॉटर का उपयोग करने की सलाह देते हैं।

खुली चाट और टिक्की भी बन सकती है परेशानी की वजह

बाजार में मिलने वाली चाट, आलू टिक्की और दही भल्ले जैसे खाद्य पदार्थ अक्सर घंटों तक खुले में रखे रहते हैं। तेज गर्मी के कारण इनमें बैक्टीरिया तेजी से विकसित हो सकते हैं। ऐसे खाद्य पदार्थों का सेवन फूड पॉइजनिंग और पेट संबंधी इंफेक्शन का कारण बन सकता है। इसलिए ताजा और स्वच्छ तरीके से तैयार भोजन को प्राथमिकता देना बेहतर माना जाता है।

कटे हुए फल खरीदते समय बरतें सावधानी

सड़क किनारे खुले में बिकने वाले कटे हुए फल भी स्वास्थ्य के लिए जोखिम पैदा कर सकते हैं। ये फल धूल, मक्खियों और प्रदूषित वातावरण के संपर्क में आते हैं। जिससे उनमें इंफेक्शन की संभावना बढ़ जाती है। गर्मी के मौसम में फल जल्दी खराब भी हो जाते हैं। एक्सपर्ट सलाह देते हैं कि फलों को अच्छी तरह धोकर और ताजा काटकर ही सेवन करना चाहिए।

सड़क किनारे मिलने वाले शेक और जूस से भी रहें सतर्क

गर्मी में जूस और शेक लोगों की पहली पसंद बन जाते हैं। लेकिन सड़क किनारे मिलने वाले पेय पदार्थ हमेशा सुरक्षित नहीं होते। कई स्थानों पर इन्हें बनाने के लिए इस्तेमाल होने वाली बर्फ और पानी की गुणवत्ता संदिग्ध होती है। ऐसे पेय पदार्थ पेट संबंधी इंफेक्शन, उल्टी और डिहाइड्रेशन जैसी समस्याओं को जन्म दे सकते हैं। इसके बजाय घर पर बना नींबू पानी, छाछ या नारियल पानी अधिक सुरक्षित और स्वास्थ्यवर्धक विकल्प माना जाता है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।