दही बना सेहत का सुपरफूड: पाचन से लेकर हड्डियों तक देता है जबरदस्त मजबूती, डाइट में शामिल करना जरूरी

आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में लोग तेजी से ऐसी चीजों की तलाश कर रहे हैं, जो स्वादिष्ट होने के साथ-साथ शरीर को संपूर्ण पोषण भी दें। इसी वजह से पारंपरिक भारतीय खानपान का अहम हिस्सा रहा दही एक बार फिर हेल्दी लाइफस्टाइल का प्रमुख हिस्सा बनता जा रहा है। न्यूट्रिशनइस्ट के मुताबिक दही सिर्फ स्वाद बढ़ाने वाला खाद्य पदार्थ नहीं, बल्कि यह शरीर को अंदर से मजबूत बनाने वाला नेचुरल सुपरफूड है। प्रोबायोटिक्स, कैल्शियम, प्रोटीन और कई जरूरी पोषक तत्वों से भरपूर दही पाचन तंत्र को दुरुस्त रखने के साथ हड्डियों और मांसपेशियों को भी मजबूती देता है। गर्मियों में इसे प्राकृतिक कूलेंट के रूप में भी काफी फायदेमंद माना जाता है।
एक्सपर्ट्स का कहना है कि दही में मौजूद एक्टिव प्रोबायोटिक्स शरीर में अच्छे बैक्टीरिया को बढ़ाने का काम करते हैं। इससे गट हेल्थ बेहतर रहती है और पेट से जुड़ी समस्याएं जैसे गैस, अपच, कब्ज और एसिडिटी से राहत मिलती है। आधुनिक जीवनशैली और फास्ट फूड के बढ़ते चलन के बीच दही को पाचन के लिए बेहद असरदार माना जा रहा है। डॉक्टरों के अनुसार जिन लोगों का डाइजेशन कमजोर रहता है, उन्हें नियमित रूप से सीमित मात्रा में दही का सेवन करना चाहिए। इससे शरीर की इम्यूनिटी भी मजबूत होती है और संक्रमण का खतरा कम होता है।
हड्डियों और मांसपेशियों के लिए फायदेमंद
दही को कैल्शियम और हाई क्वालिटी प्रोटीन का बेहतरीन स्रोत माना जाता है। न्यूट्रिशनइस्ट के मुताबिक इसका नियमित सेवन हड्डियों को मजबूत बनाने में मदद करता है और बढ़ती उम्र में होने वाली हड्डियों की कमजोरी से बचाव करता है। बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों के लिए दही विशेष रूप से लाभकारी माना जाता है। इसके अलावा इसमें मौजूद प्रोटीन मांसपेशियों को मजबूती देने और शरीर की ऊर्जा बनाए रखने में मदद करता है। फिटनेस एक्सपर्ट्स भी वर्कआउट के बाद दही को हेल्दी फूड ऑप्शन मानते हैं।
गर्मी में शरीर को रखता है ठंडा
भीषण गर्मी के मौसम में दही शरीर के तापमान को नियंत्रित रखने में मदद करता है। इसे नेचुरल कूलेंट माना जाता है। यह शरीर को अंदर से ठंडक पहुंचाता है। डॉक्टरों के अनुसार सीमित मात्रा में दही खाने से डिहाइड्रेशन की समस्या कम होती है और शरीर को ताजगी महसूस होती है। खासकर उत्तर भारत में लोग गर्मियों में दही, छाछ और लस्सी का सेवन बड़े स्तर पर करते हैं। इससे शरीर को राहत मिलने के साथ ऊर्जा भी बनी रहती है।
डाइट में कई तरीकों से करें शामिल
दही को रोजाना की डाइट में कई आसान तरीकों से शामिल किया जा सकता है। एक्सपर्ट्स का कहना है कि एक कटोरी सादा दही सबसे बेहतर विकल्प माना जाता है। इसके अलावा इसमें ताजे फल मिलाकर हेल्दी स्वीट डिश तैयार की जा सकती है। खीरा, प्याज और मसालों के साथ रायता बनाकर भी इसे भोजन का हिस्सा बनाया जाता है। गर्मियों में छाछ और लस्सी के रूप में इसका सेवन शरीर को ठंडक पहुंचाता है। वहीं दही-चावल हल्के और सुपाच्य भोजन के रूप में काफी लोकप्रिय है। हेल्थ एक्सपर्ट्स का मानना है कि अगर दही को संतुलित मात्रा और सही समय पर डाइट में शामिल किया जाए, तो यह शरीर को लंबे समय तक स्वस्थ और ऊर्जावान बनाए रखने में अहम भूमिका निभा सकता है।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।
वेबसाइट पर ही पढ़ें








