गर्मियों में संभलकर खाएं तरबूज: गलत कॉम्बिनेशन बिगाड़ सकता है हेल्थ, कम से कम 30 मिनट का रखें गैप

गर्मियों में तरबूज सबसे ज्यादा पसंद किया जाता है। यह शरीर को ठंडक देता है। साथ ही पानी की कमी भी पूरी करता है। डॉक्टर भी गर्म मौसम में तरबूज खाने की सलाह देते हैं। लेकिन कई बार गलत तरीके से सेवन भारी पड़ जाता है। कुछ लोग तरबूज खाने के तुरंत बाद दूसरी चीजें खा लेते हैं। यही लापरवाही तबीयत बिगाड़ सकती है। एक्सपर्ट्स का कहना है कि गलत फूड कॉम्बिनेशन पाचन खराब कर देता है। इससे गैस, उल्टी और फूड प्वाइजनिंग जैसी परेशानी बढ़ सकती है।
हाल ही में गोरखपुर जिले के बेलीपार क्षेत्र का एक मामला सामने आया। मलांव गांव में एक ही परिवार के कई लोग बीमार पड़ गए। बताया गया कि परिवार ने पहले तरबूज खाया था। इसके बाद सभी ने मैगी खाई थी। कुछ देर बाद लोगों की हालत बिगड़ने लगी। कई लोगों को उल्टी और दस्त शुरू हो गए। कुछ को सांस लेने में दिक्कत भी हुई। सभी को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। घटना के बाद डॉक्टरों ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
कमजोर हो सकती इम्यूनिटी
एक्सपर्टस् के अनुसार तरबूज में पानी ज्यादा होता है। इसमें प्राकृतिक शुगर भी भरपूर मात्रा में रहती है। यह जल्दी पचने वाला फल माना जाता है। लेकिन भारी और मसालेदार चीजों के साथ इसका सेवन नुकसान पहुंचा सकता है। गलत कॉम्बिनेशन पेट के बैक्टीरिया पर असर डालता है। इससे पाचन तंत्र कमजोर पड़ सकता है। गर्मियों में यह खतरा और ज्यादा बढ़ जाता है। डॉक्टरों का कहना है कि तरबूज खाने के बाद कुछ चीजों से दूरी जरूरी है। खासतौर पर डेयरी प्रोडक्ट्स और प्रोसेस्ड फूड से बचना चाहिए। इससे पेट खराब होने का खतरा बढ़ जाता है।
दूध और डेयरी प्रोडक्ट्स से रखें दूरी
तरबूज खाने के तुरंत बाद दूध नहीं पीना चाहिए। दही, पनीर और लस्सी से भी बचना चाहिए। तरबूज में पानी अधिक होता है। वहीं दूध को पचने में समय लगता है। दोनों चीजें साथ में पेट पर दबाव डालती हैं। इससे गैस और भारीपन महसूस हो सकता है। कई लोगों को एसिडिटी और अपच की शिकायत भी होती है। कुछ मामलों में उल्टी और दस्त शुरू हो जाते हैं। हेल्थ एक्सपर्ट्स कम से कम 30 मिनट का गैप रखने की सलाह देते हैं। इससे पाचन सामान्य बना रहता है।
तला-भुना खाना कर सकता है नुकसान
तरबूज हल्का और ठंडा फल माना जाता है। इसके बाद ऑयली खाना खाने से दिक्कत बढ़ सकती है। समोसा, पकौड़े और चिप्स पेट को भारी बना देते हैं। इससे गैस और एसिडिटी की परेशानी शुरू हो सकती है। गर्मियों में शरीर पहले से संवेदनशील रहता है। ऐसे में तला-भुना खाना परेशानी बढ़ा सकता है। डॉक्टर हल्का भोजन करने की सलाह देते हैं। इससे पेट सुरक्षित रहता है।
मसालेदार भोजन से बिगड़ सकता है पाचन
तरबूज खाने के तुरंत बाद मसालेदार भोजन नहीं करना चाहिए। तीखा खाना पेट में जलन बढ़ा सकता है। तरबूज शरीर को ठंडक देता है। वहीं मसालेदार भोजन शरीर में गर्मी बढ़ाता है। दोनों का असर पाचन तंत्र पर पड़ता है। इससे पेट दर्द और बेचैनी हो सकती है। कुछ लोगों को ऐंठन की शिकायत भी होती है। इसलिए एक्सपर्ट्स संतुलित भोजन करने की सलाह देते हैं।
तुरंत पानी पीना भी हो सकता है खतरनाक
तरबूज में पहले से काफी पानी मौजूद रहता है। इसके तुरंत बाद ज्यादा पानी पीना ठीक नहीं माना जाता। इससे पाचन प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है। कई बार पेट फूलने लगता है। गैस और दस्त की शिकायत भी बढ़ जाती है। डॉक्टरों के अनुसार तरबूज खाने के बाद थोड़ा इंतजार जरूरी है। कम से कम 20 से 30 मिनट बाद पानी पीना बेहतर माना जाता है।
प्रोसेस्ड फूड से बढ़ता है फूड प्वाइजनिंग का खतरा
नूडल्स और पैकेट वाले फूड में प्रिजर्वेटिव अधिक होते हैं। इनमें मसालों की मात्रा भी ज्यादा रहती है। तरबूज के तुरंत बाद इन्हें खाना नुकसानदायक हो सकता है। खासतौर पर गर्मियों में यह खतरा ज्यादा बढ़ जाता है। अगर खाना खराब या दूषित हो तो स्थिति गंभीर हो सकती है। फूड प्वाइजनिंग का खतरा भी बढ़ जाता है। डॉक्टर ताजा और हल्का भोजन करने की सलाह देते हैं। इससे शरीर स्वस्थ बना रहता है।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।
वेबसाइट पर ही पढ़ें








