फिट रहने का मंत्र: दिनचर्या में सुधार से मिलता है बेहतर स्वास्थ्य, नियमित व्यायाम को बनाएं आदत

बढ़ती गर्मी, भागदौड़ भरी दिनचर्या और बदलती जीवनशैली के बीच फिट और स्वस्थ रहना आज बड़ी चुनौती बन गया है। तेज धूप और उमस भरे मौसम में अक्सर लोग व्यायाम और शारीरिक गतिविधियों से दूरी बनाने लगते हैं। जिसका असर धीरे-धीरे उनके स्वास्थ्य पर दिखाई देने लगता है। हेल्थ एक्सपर्ट्स का मानना है कि मौसम चाहे कोई भी हो, यदि व्यक्ति अपनी दिनचर्या में कुछ अच्छी आदतों को शामिल कर ले तो वह लंबे समय तक शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रह सकता है। संतुलित आहार, नियमित व्यायाम, पर्याप्त नींद, भरपूर पानी का सेवन और तनावमुक्त जीवनशैली स्वस्थ जीवन की मजबूत नींव मानी जाती है।
एक्सपर्ट्स के अनुसार अनियमित दिनचर्या, जंक फूड का बढ़ता सेवन, कम शारीरिक गतिविधि और तनाव कई स्वास्थ्य समस्याओं की जड़ हैं। ऐसे में दिन की शुरुआत हल्के व्यायाम, योग या मॉर्निंग वॉक से करने की सलाह दी जाती है। प्रतिदिन कम से कम 30 मिनट की शारीरिक गतिविधि शरीर को सक्रिय बनाए रखने में मदद करती है। इससे न केवल वजन नियंत्रित रहता है। साथ ही हृदय, मांसपेशियों और पाचन तंत्र की कार्यक्षमता भी बेहतर होती है। नियमित व्यायाम शरीर में ऊर्जा का स्तर बढ़ाने के साथ मानसिक ताजगी भी प्रदान करता है।


संतुलित आहार और पर्याप्त पानी है जरूरी
स्वस्थ रहने के लिए खानपान पर विशेष ध्यान देना बेहद आवश्यक है। एक्सपर्ट्स बताते हैं कि दैनिक भोजन में हरी सब्जियां, ताजे फल, दालें, नट्स और साबुत अनाज शामिल करने चाहिए। ये शरीर को आवश्यक विटामिन, मिनरल और फाइबर प्रदान करते हैं। वहीं अत्यधिक तली-भुनी चीजें, कोल्ड ड्रिंक्स और अधिक मीठे खाद्य पदार्थों से दूरी बनाना बेहतर रहता है। गर्मियों में शरीर को हाइड्रेट रखना भी उतना ही जरूरी है। दिनभर में पर्याप्त मात्रा में पानी पीने से शरीर से विषैले तत्व बाहर निकलते हैं और पाचन क्रिया सुचारु रहती है।

रोजाना शारीरिक गतिविधि करें
फिट रहने के लिए जिम जाना ही जरूरी नहीं है। आप रोजाना 30 से 40 मिनट ब्रिस्क वॉक, योग, साइकिलिंग या स्विमिंग कर सकते हैं। शारीरिक रूप से सक्रिय रहने से मेटाबॉलिज्म सही रहता है और कैलोरी बर्न करने में मदद मिलती है।

अच्छी नींद और तनावमुक्त जीवनशैली का महत्व
हेल्थ एक्सपर्ट्स का कहना है कि फिटनेस केवल शारीरिक गतिविधियों तक सीमित नहीं है, बल्कि मानसिक स्वास्थ्य भी इसमें महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। रोजाना सात से आठ घंटे की गुणवत्तापूर्ण नींद शरीर को रिकवरी का समय देती है और मानसिक संतुलन बनाए रखने में मदद करती है। पर्याप्त नींद लेने से थकान कम होती है, एकाग्रता बढ़ती है और रोग प्रतिरोधक क्षमता मजबूत होती है।

मानसिक स्वास्थ्य को भी दें प्राथमिकता
तनाव आज के समय की सबसे बड़ी स्वास्थ्य चुनौतियों में से एक है। लगातार तनाव में रहने से कई शारीरिक और मानसिक समस्याएं पैदा हो सकती हैं। एक्सपर्ट्स सलाह देते हैं कि मेडिटेशन, योग, संगीत, पढ़ाई, खेलकूद या किसी पसंदीदा हॉबी के लिए समय निकालना चाहिए। इससे मानसिक शांति मिलती है और जीवन में सकारात्मकता बनी रहती है। उनका कहना है कि यदि व्यक्ति संतुलित आहार, नियमित व्यायाम, पर्याप्त नींद और तनावमुक्त दिनचर्या को अपनाए तो वह हर मौसम में स्वस्थ, फिट और ऊर्जावान रह सकता है।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।










