फिटनेस का टाइम-टेबल: सही समय पर खाएं सही खाना, बीमारियों को कभी नहीं पड़ेगा पास आना

आज की तेज रफ्तार जिंदगी में लोग फिट और हेल्दी रहने के लिए तरह-तरह की डाइट और एक्सरसाइज का सहारा लेते हैं। हेल्थ एक्सपर्ट्स का मानना है कि केवल हेल्दी चीजें खाना ही काफी नहीं है। सही समय पर सही भोजन करना भी उतना ही जरूरी है। यदि खानपान का समय संतुलित न हो तो पौष्टिक भोजन का पूरा फायदा शरीर को नहीं मिल पाता है। यही वजह है कि डॉक्टर और न्यूट्रिशन एक्सपर्ट अब “टाइम-बेस्ड डाइट” पर विशेष जोर दे रहे हैं। उनका कहना है कि दिनभर की डाइट को सही तरीके से प्लान करने से शरीर में ऊर्जा बनी रहती है। डाइजेस्टिव सिस्टम बेहतर काम करता है। कई गंभीर बीमारियों का खतरा भी कम हो जाता है।
एक्सपर्ट्स के अनुसार सुबह से रात तक शरीर की जरूरतें अलग-अलग होती हैं। सुबह शरीर को ज्यादा ऊर्जा की जरूरत होती है। रात के समय हल्का और आसानी से पचने वाला भोजन स्वास्थ्य के लिए फायदेमंद माना जाता है। इसके अलावा बीच-बीच में हेल्दी स्नैक्स लेने से भूख नियंत्रित रहती है। ओवरईटिंग की समस्या से भी बचाव होता है।
सुबह का नाश्ता शरीर को देता है दिनभर की ऊर्जा
डॉक्टरों के मुताबिक सुबह सात से नौ बजे के बीच किया गया नाश्ता दिन का सबसे महत्वपूर्ण भोजन माना जाता है। इस समय शरीर को प्रोटीन, फाइबर और हेल्दी फैट्स की जरूरत होती है। जिससे दिनभर ऊर्जा बनी रहती है। ओटमील, केला और मल्टीग्रेन टोस्ट जैसे खाद्य पदार्थ शरीर को धीरे-धीरे ऊर्जा प्रदान करते हैं। इसके साथ अंडे, पनीर और ग्रीक योगर्ट जैसे प्रोटीन युक्त भोजन मसल्स रिकवरी और पेट को लंबे समय तक भरा रखने में मदद करते हैं। वहीं बेरीज और चिया सीड्स शरीर को एंटीऑक्सीडेंट और ओमेगा-3 जैसे जरूरी पोषक तत्व प्रदान करते हैं। एक्सपर्ट्स का कहना है कि सुबह का नाश्ता छोड़ना शरीर की कार्यक्षमता पर नकारात्मक असर डाल सकता है।
मिड-मॉर्निंग स्नैक्स रखें शरीर को एक्टिव
सुबह के नाश्ते और दोपहर के भोजन के बीच 10 से 11 बजे के दौरान हल्के और पौष्टिक स्नैक्स लेना फायदेमंद माना जाता है। बादाम, अखरोट और ताजे फल शरीर की ऊर्जा बनाए रखने में मदद करते हैं। वहीं उबले अंडे या पनीर जैसे विकल्प भूख को नियंत्रित रखते हैं और अनहेल्दी खाने से बचाते हैं। एक्सपर्ट्स के अनुसार इस समय प्रोटीन स्मूदी या हेल्दी ड्रिंक लेना भी शरीर को तुरंत पोषण देने का अच्छा तरीका माना जाता है।
दोपहर का भोजन होना चाहिए संतुलित
दोपहर एक से दो बजे के बीच लिया गया भोजन संतुलित होना चाहिए। डॉक्टरों के मुताबिक इस समय भोजन में प्रोटीन, फाइबर और कार्बोहाइड्रेट का सही संतुलन जरूरी है। दाल, चना, पनीर और चिकन शरीर को पर्याप्त प्रोटीन देते हैं। किनुआ, ब्राउन राइस और शकरकंद लंबे समय तक ऊर्जा बनाए रखने में मदद करते हैं। इसके साथ सलाद और हरी सब्जियां शरीर में विटामिन और मिनरल्स की कमी को पूरा करती हैं। एक्सपर्ट्स का कहना है कि दोपहर का भोजन ज्यादा भारी या तला-भुना नहीं होना चाहिए। इससे डाइजेस्टिव सिस्टम पर अतिरिक्त दबाव पड़ता है।
शाम और रात का भोजन रखें हल्का
शाम चार से पांच बजे के बीच हल्का और हेल्दी स्नैक लेना शरीर को एक्टिव बनाए रखता है। ग्रीन टी, भुने चने, ट्रेल मिक्स और प्रोटीन स्मूदी जैसे विकल्प इस समय बेहतर माने जाते हैं। इससे शरीर को ऊर्जा मिलती है। रात में ज्यादा खाने की आदत से भी बचाव होता है। वहीं रात सात से आठ बजे के बीच हल्का और जल्दी पचने वाला भोजन करना स्वास्थ्य के लिए सबसे फायदेमंद माना जाता है। सूप, सलाद, स्टर-फ्राई सब्जियां, पनीर, टोफू और दाल का सूप जैसे विकल्प शरीर को जरूरी पोषण देने के साथ-साथ डाइजेस्टिव सिस्टम पर अतिरिक्त दबाव नहीं डालते। एक्सपर्ट्स के अनुसार रात में कम कार्ब वाले भोजन का सेवन वजन नियंत्रित रखने और अच्छी नींद में भी मदद करता है।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









