गर्मी में डिहाइड्रेशन का बढ़ा खतरा: पानी और सही खानपान से खुद को रखें सुरक्षित, नहीं तो बढ़ सकती हैं स्वास्थ्य समस्याएं

अप्रैल का महीना शुरू होते ही तेज धूप और बढ़ते तापमान से शरीर में पानी की कमी महसूस होने लगी है। ऐसे में अगर हम लापरवाही करते हैं, तो हमें हेल्थ प्रॉब्लम जैसे- चक्कर आना, सिर घूमना, उल्टी और थकान जैसी समस्याएं होने लगती हैं। स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि ऐसे में हमें पर्याप्त मात्रा में पानी पीना चाहिए। ताजा रसीले फलों का सेवन करना चाहिए, इससे हमारे शरीर में नमी बनी रहती है और हम डिहाइड्रेशन का शिकार होने से बच सकते हैं। ज्यादा परेशानी महसूस होने पर डॉक्टर की सलाह ले सकते हैं।
गर्मी का मौसम शुरू होते ही लोगों को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इनमें से सबसे आम है शरीर में पानी की कमी यानी डिहाइड्रेशन होना। डॉक्टर बताते हैं कि हमें डिहाइड्रेशन से बचने के लिए दिनभर में कम से कम चार से छह लीटर पानी पीना चाहिए। आइए जानते हैं गर्मी में खुद का ख्याल कैसे रखें-
ज्यादा से ज्यादा पानी का इस्तेमाल करें
गर्मी से बचने के लिए हमें ज्यादा से ज्यादा मात्रा में पानी का यूज करना चाहिए। अगर हम घर से बाहर जा रहे हैं, तो अपने पास पानी की बोतल जरूर रखनी चाहिए, ताकि हम अपने शरीर में पानी की कमी न होने दें। प्यास लगने का वेट न करें; पानी, जूस, लस्सी और नारियल पानी पीते रहें।
कॉटन के कपड़ों का प्रयोग
अपने शरीर को भारी-भरकम कपड़ों से दूर रखें। हमेशा सूती व आरामदायक कपड़ों का यूज करें, ताकि हमारे शरीर का जो पसीना है, वह कपड़ों में सोख ले।
स्ट्रीट फूड से बचें
जरूरी नहीं है कि डिहाइड्रेशन सिर्फ पानी की कमी से ही हो, कभी-कभी यह बाहर के खाने से भी हो सकता है। इसलिए गर्मियों के मौसम में हमें बाहर के खाने से बचना चाहिए।
धूप से बचें
सुबह दस बजे से शाम के पांच बजे तक बाहर जाने से बचें। अगर बाहर जाना पड़े, तो छाता, टोपी और धूप के चश्मे का प्रयोग करें।
त्वचा की देखभाल करें
घर से बाहर निकलने से पहले सनस्क्रीन (एसपीएफ 30 या 50) का यूज करें, साथ ही चेहरे को कॉटन रूमाल से ढंक लें।
एक्सपर्ट्स बताते हैं कि गर्मियों के मौसम में हमें ज्यादा से ज्यादा पानी, छाछ, लस्सी और नारियल पानी का सेवन करना चाहिए ताकि हमारे शरीर में नमी बरकरार रहे।











