गर्मियों में खजूर खाना फायदेमंद या नुकसानदेह?: मिनरल्स से मिलेगी इंस्टेंट एनर्जी, ओवरडोज से बचें

निवेदिता चंद|1 घंटा पहले
 मिनरल्स से मिलेगी इंस्टेंट एनर्जी, ओवरडोज से बचें

देशभर में पड़ रही भीषण गर्मी के बीच खानपान को लेकर लोगों की सतर्कता बढ़ गई है। तेज धूप, उमस और लगातार पसीना निकलने के कारण शरीर में पानी और जरूरी मिनरल्स की कमी होने लगती है। ऐसे मौसम में लोग ऐसे खाद्य पदार्थों की तलाश करते हैं, जो शरीर को ऊर्जा देने के साथ-साथ पोषण भी प्रदान करें। इसी बीच खजूर को लेकर चर्चा तेज हो गई है। आमतौर पर सर्दियों में ज्यादा खाया जाने वाला खजूर क्या गर्मियों में भी फायदेमंद है? हेल्थ एक्सपर्ट का कहना है कि सीमित मात्रा में खजूर गर्मियों में लाभकारी हो सकता है, लेकिन जरूरत से ज्यादा सेवन शरीर के लिए नुकसानदायक भी साबित हो सकता है।

डायटिशन के अनुसार खजूर प्राकृतिक शुगर, फाइबर, आयरन, पोटैशियम, मैग्नीशियम और एंटीऑक्सीडेंट्स से भरपूर होता है। इसे इंस्टेंट एनर्जी देने वाला सुपरफूड माना जाता है। गर्मियों में अधिक पसीना निकलने से शरीर में इलेक्ट्रोलाइट्स की कमी हो जाती है, जिसे खजूर काफी हद तक पूरा करने में मदद करता है। इसमें मौजूद ग्लूकोज और फ्रुक्टोज शरीर को तुरंत ऊर्जा देते हैं, जिससे थकान और कमजोरी कम महसूस होती है। एक्सपर्ट बताते हैं कि जिन लोगों को एनीमिया, कमजोरी या लगातार थकान की समस्या रहती है, उनके लिए सीमित मात्रा में खजूर फायदेमंद हो सकता है। इसके अलावा इसमें मौजूद फाइबर पाचन को बेहतर बनाने और कब्ज जैसी समस्याओं से राहत दिलाने में भी मदद करता है।

गर्म तासीर के कारण बरतें सावधानी

हालांकि आयुर्वेद में खजूर की तासीर गर्म मानी गई है। विशेषज्ञों का कहना है कि अधिक मात्रा में खजूर खाने से शरीर में गर्मी बढ़ सकती है, जिससे मुंह में छाले, एसिडिटी और पेट संबंधी समस्याएं हो सकती हैं। इसके अलावा खजूर में प्राकृतिक शुगर और कैलोरी की मात्रा काफी ज्यादा होती है। 100 ग्राम खजूर में लगभग 270 से 300 कैलोरी तक होती है। ऐसे में जरूरत से ज्यादा सेवन करने पर वजन बढ़ने और ब्लड शुगर लेवल प्रभावित होने का खतरा भी रहता है। डायबिटीज के मरीजों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि ऐसे लोगों को डॉक्टर या डाइटिशियन की सलाह के बिना अधिक खजूर नहीं खाना चाहिए।

कैसे और कितनी मात्रा में खाएं खजूर?

एक्सपर्ट के मुताबिक, गर्मियों में खजूर पूरी तरह छोड़ने की जरूरत नहीं है, बल्कि इसका संतुलित सेवन करना चाहिए। एक दिन में दो से तीन खजूर पर्याप्त माने जाते हैं। भिगोकर खजूर खाने से इसकी गर्म तासीर का असर कुछ कम हो सकता है और पाचन भी आसान होता है। इसे दूध, दही या स्मूदी के साथ मिलाकर खाने से शरीर को अतिरिक्त पोषण मिलता है।

संतुलित आहार ही सबसे बेहतर उपाय

हेल्थ एक्सपर्ट का कहना है कि गर्मियों में शरीर को हाइड्रेट रखना सबसे ज्यादा जरूरी है। ऐसे में खजूर के साथ पर्याप्त मात्रा में पानी, नारियल पानी, छाछ और मौसमी फलों का सेवन करना चाहिए। संतुलित मात्रा में खजूर शरीर को ऊर्जा और पोषण देने में मदद कर सकता है, लेकिन अति हर चीज की नुकसानदायक होती है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।