वजन घटाने के लिए भूखा रहना गलत: लो कैलोरी फूड्स से मिलेगी बेहतर फिटनेस, संतुलित भोजन सेहत का असली मंत्र

1 घंटा पहले
लो कैलोरी फूड्स से मिलेगी बेहतर फिटनेस, संतुलित भोजन सेहत का असली मंत्र

तेजी से बदलती जीवनशैली के बीच फिटनेस और वजन घटाने को लेकर लोगों का रुझान लगातार बढ़ रहा है। ऐसे में लो कैलोरी डाइट को सबसे प्रभावी विकल्प माना जा रहा है। हालांकि, हेल्थ एक्सपर्ट्स का कहना है कि वजन कम करने का मतलब भोजन छोड़ देना नहीं है। ऐसे खाद्य पदार्थों का चयन करना है जिनमें कैलोरी कम हो और पोषण भरपूर मात्रा में मिले। संतुलित लो कैलोरी डाइट न केवल वजन नियंत्रित रखने में मदद करती है। साथ ही ब्लड शुगर, हृदय स्वास्थ्य और शरीर में अतिरिक्त चर्बी को नियंत्रित रखने में भी अहम भूमिका निभाती है।

हेल्थ एक्सपर्ट्स के अनुसार, वजन घटाने की कोशिश में कई लोग जरूरत से ज्यादा डाइटिंग शुरू कर देते हैं। इससे शरीर को आवश्यक पोषक तत्व नहीं मिल पाते और कमजोरी, थकान जैसी समस्याएं सामने आने लगती हैं। एक्सपर्ट्स का कहना है कि स्वस्थ तरीके से वजन कम करने के लिए ऐसे खाद्य पदार्थों को आहार में शामिल करना चाहिए, जो कम कैलोरी के साथ पर्याप्त विटामिन, मिनरल, फाइबर और एंटीऑक्सीडेंट भी उपलब्ध कराएं। इससे शरीर को ऊर्जा मिलती रहती है। लंबे समय तक पेट भरा हुआ महसूस होता है।

लो कैलोरी डाइट से मिलते हैं कई स्वास्थ्य लाभ

न्यूट्रिशनिस्ट के मुताबिक लो कैलोरी और हाई न्यूट्रिएंट डाइट वजन नियंत्रित रखने के साथ ब्लड शुगर के स्तर को संतुलित बनाए रखने में सहायक होती है। यह हृदय की कार्यक्षमता को बेहतर बनाने और शरीर में अतिरिक्त वसा जमा होने की संभावना को भी कम करती है। यही कारण है कि फिटनेस बनाए रखने वालों के लिए संतुलित लो कैलोरी भोजन को सबसे बेहतर विकल्प माना जाता है।

खीरा और तरबूज बन सकते हैं बेहतर विकल्प

यदि कम कैलोरी वाले खाद्य पदार्थों की बात करें तो खीरा सबसे उपयोगी विकल्पों में शामिल है। 100 ग्राम खीरे में लगभग 15 कैलोरी होती है। इसमें करीब 95 प्रतिशत पानी मौजूद रहता है। यह शरीर को हाइड्रेट रखने के साथ पाचन को बेहतर बनाता है, कब्ज से राहत देता है और अधिक समय तक पेट भरा होने का एहसास कराता है। वहीं 100 ग्राम तरबूज में लगभग 30 कैलोरी होती है। इसमें विटामिन ए, विटामिन सी और लाइकोपीन जैसे शक्तिशाली एंटीऑक्सीडेंट पाए जाते हैं, जो त्वचा और हृदय स्वास्थ्य के लिए लाभकारी माने जाते हैं। अधिक पानी की मात्रा के कारण यह गर्मियों में शरीर को ठंडक और पर्याप्त हाइड्रेशन भी प्रदान करता है।

ब्रोकली, पालक और टमाटर भी पोषण से भरपूर

एक्सपर्ट्स का कहना है कि ब्रोकली को भी नियमित आहार का हिस्सा बनाया जाना चाहिए। 100 ग्राम ब्रोकली में लगभग 34 कैलोरी होती है। यह फाइबर, विटामिन सी और एंटीऑक्सीडेंट का समृद्ध स्रोत है। इससे लंबे समय तक भूख नहीं लगती और ओवरईटिंग की संभावना कम हो जाती है। इसी तरह 100 ग्राम टमाटर में लगभग 18 कैलोरी होती है। वहीं, यह विटामिन सी, पोटैशियम और लाइकोपीन से भरपूर होता है। पालक भी कम कैलोरी वाला बेहद पौष्टिक खाद्य पदार्थ है। 100 ग्राम पालक में लगभग 23 कैलोरी होती है। यह शरीर को कई आवश्यक पोषक तत्व उपलब्ध कराता है।

दही से मिलेगा प्रोटीन और बेहतर पाचन

दैनिक आहार में दही को शामिल करना भी लाभदायक माना जाता है। 100 ग्राम दही में लगभग 60 कैलोरी होती है और यह प्रोटीन तथा प्रोबायोटिक्स का अच्छा स्रोत है। इसके सेवन से आंतों में लाभकारी बैक्टीरिया बढ़ते हैं। इससे पाचन तंत्र बेहतर रहता है। एक्सपर्ट्स का मानना है कि वजन कम करने के साथ शरीर को स्वस्थ रखने के लिए भोजन छोड़ने के बजाय संतुलित और पोषणयुक्त लो कैलोरी डाइट को अपनाना सबसे प्रभावी और सुरक्षित उपाय है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।