लो सोडियम डाइट का साइड इफेक्ट: थकान, चक्कर और सिरदर्द को हल्के में न लें, क्यों खतरनाक है हाइपोनेट्रेमिया

आजकल फिट रहने का ट्रेंड तेजी से बढ़ा है। लोग हेल्दी लाइफस्टाइल अपनाने के लिए डाइट में कई बदलाव कर रहे हैं। इन्हीं में से एक है नमक यानी सोडियम को बहुत कम कर देना। आम धारणा यह बन गई है कि कम नमक खाना ही सबसे ज्यादा हेल्दी है। लेकिन एक्सपर्ट्स की मानें तो जरूरत से ज्यादा लो सोडियम डाइट शरीर के लिए खतरनाक साबित हो सकती है। शरीर को सही तरीके से काम करने के लिए एक संतुलित मात्रा में सोडियम की जरूरत होती है। अगर यह संतुलन बिगड़ता है, तो कई तरह की हेल्थ प्रॉब्लम्स शुरू हो सकती हैं, जो धीरे-धीरे गंभीर रूप ले सकती हैं।
जब शरीर में सोडियम का स्तर बहुत ज्यादा गिर जाता है, तो इसे हाइपोनेट्रेमिया कहा जाता है। यह स्थिति अक्सर तब बनती है जब व्यक्ति लगातार लो सोडियम डाइट लेता है या जरूरत से ज्यादा पानी पी लेता है। इस दौरान खून में सोडियम का लेवल डायल्यूट हो जाता है और शरीर के सेल्स पर असर पड़ता है। इसका असर धीरे-धीरे दिखता है, लेकिन नजरअंदाज करने पर यह खतरनाक हो सकता है। शुरुआती लक्षणों में मितली, सिरदर्द, मांसपेशियों में ऐंठन, थकान और कन्फ्यूजन शामिल हैं। कई बार लोग इन्हें सामान्य थकान समझकर नजरअंदाज कर देते हैं, जो आगे चलकर समस्या को और बढ़ा सकता है।
लो सोडियम डाइट के साइड इफेक्ट
अगर लंबे समय तक शरीर को पर्याप्त सोडियम नहीं मिलता, तो मसल्स और नर्व सिस्टम पर सीधा असर पड़ता है। शरीर की एनर्जी लेवल गिरने लगती है। व्यक्ति को हर समय कमजोरी महसूस होती है। चक्कर आना और ध्यान केंद्रित करने में परेशानी भी आम हो जाती है। खासतौर पर बुजुर्गों में यह समस्या ज्यादा देखने को मिलती है। उनकी बॉडी पहले से ही कमजोर होती है, ऐसे में सोडियम की कमी उन्हें जल्दी प्रभावित करती है। इसके अलावा, ज्यादा पसीना बहाने वाले लोग या खिलाड़ी भी इस रिस्क में आते हैं, क्योंकि उनके शरीर से सोडियम तेजी से निकलता है।
पानी भी बन सकता है कारण
सिर्फ कम नमक ही नहीं, बल्कि जरूरत से ज्यादा पानी पीना भी इस समस्या को बढ़ा सकता है। अगर कोई व्यक्ति कम समय में बहुत ज्यादा पानी पी लेता है, तो खून में सोडियम का लेवल और ज्यादा कम हो जाता है। यह स्थिति शरीर के फ्लूइड बैलेंस को बिगाड़ देती है। इसलिए हाइड्रेशन जरूरी है, लेकिन संतुलन के साथ।
शरीर में सोडियम का काम
सोडियम शरीर के लिए बेहद जरूरी मिनरल है। यह शरीर में फ्लूइड बैलेंस बनाए रखता है। ब्लड प्रेशर को कंट्रोल करता है। साथ ही नर्व और मसल्स के सही फंक्शन में भी अहम भूमिका निभाता है। अगर इसका स्तर गिरता है, तो शरीर का पूरा सिस्टम प्रभावित होता है।
कैसे रखें सोडियम लेवल बैलेंस
सोडियम का सही स्तर बनाए रखने के लिए संतुलित डाइट लेना जरूरी है। घर का ताजा खाना खाएं। प्रोसेस्ड और पैकेज्ड फूड से दूरी बनाएं। खाने में ऊपर से ज्यादा नमक डालने से बचें, लेकिन पूरी तरह नमक छोड़ देना भी सही नहीं है। पानी पर्याप्त मात्रा में पिएं, लेकिन एक बार में बहुत ज्यादा पानी पीने से बचें। थोड़े-थोड़े अंतराल में पानी लेना बेहतर रहता है। इसके अलावा, फूड लेबल पढ़ने की आदत डालें, ताकि आप जान सकें कि आप कितना सोडियम ले रहे हैं।
समय पर इलाज जरूरी
अगर हाइपोनेट्रेमिया के लक्षण नजर आएं, तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए। गंभीर स्थिति में यह दिमाग पर असर डाल सकता है। इससे ब्रेन सेल्स डैमेज हो सकते हैं, जो लंबे समय के लिए नुकसानदेह हो सकता है। इसलिए फिट रहने के चक्कर में एक्सट्रीम डाइट अपनाने से बचें। हेल्दी रहने का सही तरीका बैलेंस में है। सही मात्रा में नमक, सही मात्रा में पानी और संतुलित खानपान ही अच्छी सेहत की कुंजी है।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।










