चक्कर को न करें नजरअंदाज: गंभीर बीमारी का संकेत, डिहाइड्रेशन भी हो सकती है बड़ी वजह

यदि आपको अक्सर चक्कर आते हैं और आप इसे सामान्य कमजोरी या थकान समझकर अनदेखा कर देते हैं, तो सावधान हो जाइए। हेल्थ एक्सपर्ट्स के अनुसार, बार-बार चक्कर आना केवल अस्थायी परेशानी नहीं है। यह शरीर में छिपी कई गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं का संकेत भी हो सकता है। लगातार चक्कर आने से न केवल दैनिक जीवन प्रभावित होता है। गिरने और चोट लगने का खतरा भी बढ़ जाता है। ऐसे में इसके कारणों को समय रहते समझना और उचित चिकित्सकीय सलाह लेना बेहद जरूरी है।
एक्सपर्ट्स का कहना है कि चक्कर आने के सबसे सामान्य कारणों में शरीर में पानी की कमी यानी डिहाइड्रेशन शामिल है। शरीर को पर्याप्त मात्रा में पानी नहीं मिलने पर रक्त संचार प्रभावित होने लगता है। इसके परिणामस्वरूप व्यक्ति को सिर हल्का महसूस होना, कमजोरी आना और चक्कर आने जैसी समस्याएं हो सकती हैं। गर्मियों के मौसम में यह परेशानी अधिक देखने को मिलती है। इसलिए दिनभर पर्याप्त मात्रा में पानी पीना स्वास्थ्य के लिए आवश्यक माना जाता है।
खून की कमी और शुगर असंतुलन भी जिम्मेदार
बार-बार चक्कर आने के पीछे लो ब्लड प्रेशर, एनीमिया और ब्लड शुगर का असंतुलन भी प्रमुख कारण हो सकते हैं। शरीर में खून की कमी होने पर मस्तिष्क तक पर्याप्त ऑक्सीजन नहीं पहुंच पाती। इससे कमजोरी और चक्कर महसूस हो सकते हैं। वहीं, डायबिटीज से पीड़ित लोगों में शुगर का स्तर अचानक बढ़ने या घटने पर भी यह समस्या सामने आ सकती है।
वर्टिगो, तनाव और नींद की कमी का भी असर
कान के अंदरूनी हिस्से में होने वाली गड़बड़ी, जिसे वर्टिगो कहा जाता है। वह भी बार-बार चक्कर आने का एक प्रमुख कारण हो सकती है। इसके अलावा मानसिक तनाव, चिंता, पर्याप्त नींद न लेना और कुछ दवाओं के दुष्प्रभाव भी इस समस्या को बढ़ा सकते हैं। एक्सपर्ट्स सलाह देते हैं कि चक्कर आने के साथ धुंधला दिखाई देना, सांस लेने में कठिनाई या सीने में दर्द जैसे लक्षण भी महसूस होने पर तत्काल चिकित्सक से संपर्क करना चाहिए।
बचाव के लिए अपनाएं ये उपाय
हेल्थ एक्सपर्ट्स के अनुसार, संतुलित आहार, पर्याप्त पानी का सेवन, नियमित व्यायाम और पर्याप्त नींद इस समस्या से बचाव में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। आयरन, विटामिन-बी12 और अन्य आवश्यक पोषक तत्वों से भरपूर भोजन शरीर को स्वस्थ रखने में मदद करता है। साथ ही अचानक उठने-बैठने से बचना चाहिए और समय-समय पर ब्लड प्रेशर तथा शुगर की जांच कराते रहना चाहिए। चक्कर आने की समस्या लंबे समय तक बनी रहने पर विशेषज्ञ चिकित्सक से परामर्श लेना सबसे बेहतर विकल्प है।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









