गर्मियों में 'गर्म तासीर' वाली चीजों से दूरी: डाइट में करें ये बदलाव, बॉडी रहेगी एकदम कूल और फिट

निवेदिता चंद|29 मई 2026
डाइट में करें ये बदलाव, बॉडी रहेगी एकदम कूल और फिट

भीषण गर्मी और लगातार बढ़ते तापमान के बीच शरीर को स्वस्थ और संतुलित बनाए रखना बड़ी चुनौती बनता जा रहा है। डॉक्टरों और आयुर्वेद विशेषज्ञों का मानना है कि गर्मियों में खानपान का सीधा असर शरीर की ऊर्जा, डाइजेस्टिव सिस्टम और मानसिक स्थिति पर पड़ता है। ऐसे मौसम में यदि सही डाइट न अपनाई जाए तो शरीर में गर्मी बढ़ने लगती है। जिससे एसिडिटी, डिहाइड्रेशन, बेचैनी, थकान और पेट संबंधी कई समस्याएं पैदा हो सकती हैं। यही वजह है कि एक्सपर्ट गर्मी के मौसम में शरीर की तासीर के अनुसार खानपान चुनने की सलाह देते हैं।

आयुर्वेद के अनुसार कुछ खाद्य पदार्थों की तासीर “गर्म” होती है। जो सर्दियों में तो फायदेमंद माने जाते हैं। गर्मियों में उनका अधिक सेवन शरीर का तापमान बढ़ा सकता है। वहीं कुछ खाद्य पदार्थ ऐसे भी हैं, जो शरीर को प्राकृतिक रूप से ठंडक पहुंचाते हैं। गर्मी के प्रभाव को संतुलित रखने में मदद करते हैं। हेल्थ एक्सपर्ट्स का कहना है कि यदि लोग मौसम के अनुसार अपनी डाइट में बदलाव करें तो कई मौसमी बीमारियों से आसानी से बचा जा सकता है।

अदरक-लहसुन और अजवाइन का सीमित करें सेवन

एक्सपर्ट्स के मुताबिक अदरक और लहसुन भले ही स्वास्थ्य के लिए लाभकारी माने जाते हों, लेकिन गर्मियों में इनका अत्यधिक सेवन शरीर में गर्मी बढ़ा सकता है। इससे पेट में जलन, एसिडिटी और बेचैनी जैसी समस्याएं हो सकती हैं। खासकर जिन लोगों को पहले से गैस या पाचन संबंधी समस्या रहती है। उन्हें इनका सेवन सीमित मात्रा में करने की सलाह दी जाती है। इसी तरह अजवाइन भी पाचन सुधारने में मदद करती है। इसकी तासीर गर्म मानी जाती है। गर्मियों में ज्यादा मात्रा में अजवाइन का सेवन शरीर में पानी की कमी और डिहाइड्रेशन की समस्या को बढ़ा सकता है। डॉक्टरों का कहना है कि मौसम के अनुसार मसालों और घरेलू चीजों का सेवन संतुलित मात्रा में ही करना चाहिए।

बाजरा गर्मियों में बढ़ा सकता है परेशानी

पौष्टिकता से भरपूर बाजरा सर्दियों के मौसम में काफी फायदेमंद माना जाता है। गर्मियों में इसकी तासीर शरीर को अतिरिक्त गर्मी पहुंचा सकती है। आयुर्वेद विशेषज्ञों के अनुसार बाजरे का अधिक सेवन शरीर में भारीपन और सुस्ती पैदा कर सकता है। ऐसे में गर्मी के मौसम में इसकी जगह हल्के और ठंडी तासीर वाले अनाजों को प्राथमिकता देना बेहतर माना जाता है।

सौंफ, जीरा और इलायची देंगे शरीर को ठंडक

गर्मी के मौसम में शरीर को ठंडा और तरोताजा बनाए रखने के लिए सौंफ और जीरा बेहद फायदेमंद माने जाते हैं। ये दोनों प्राकृतिक कूलिंग एजेंट की तरह काम करते हैं। पेट की गर्मी कम करने में मदद करते हैं। कई लोग गर्मियों में सौंफ का शरबत या जीरे का पानी पीना भी पसंद करते हैं। जो शरीर को हाइड्रेट रखने में मददगार होता है। वहीं इलायची भी गर्मियों के लिए लाभकारी मानी जाती है। यह शरीर को ठंडक देने के साथ-साथ एसिडिटी और मुंह की दुर्गंध को कम करने में सहायक होती है। एक्सपर्ट्स का कहना है कि इलायची का सीमित सेवन शरीर को हल्का और फ्रेश महसूस कराता है।

ज्वार और जौ को डाइट में करें शामिल

आयुर्वेद और पोषण विशेषज्ञ गर्मियों में ज्वार और जौ जैसे अनाजों को डाइट में शामिल करने की सलाह देते हैं। इनकी तासीर ठंडी मानी जाती है। ये शरीर को लंबे समय तक ऊर्जा देने के साथ-साथ गर्मी के प्रभाव को संतुलित रखते हैं। ज्वार और जौ हल्के होने के कारण आसानी से पच जाते हैं। पेट को भी आराम पहुंचाते हैं। एक्सपर्ट्स का कहना है कि गर्मियों में शरीर को स्वस्थ रखने के लिए संतुलित खानपान, पर्याप्त पानी और मौसमी फलों का सेवन बेहद जरूरी है। सही डाइट अपनाकर न केवल शरीर को ठंडा रखा जा सकता है। गर्मी से होने वाली कई स्वास्थ्य समस्याओं से भी बचाव संभव है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।